संभल। अतिरिक्त किराया लेने के मामले और जिला अस्पताल परिसर में निजी एंबुलेंस खड़ी होने पर अधिकारियों ने दो एंबुलेंस पर कार्रवाई कराई है। इसमें दोनों एंबुलेंस का चालन कर दिया गया है। बुधवार को अपर जिलाधिकारी केेके अवस्थी और उप जिलाधिकारी दीपेंद्र कुमार यादव जिला अस्पताल में बन रहे 15 बेड की पीआईसीयू यूनिट का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान दो एंबुलेंस पर कार्रवाई कर दी गई।
जब उप जिलाधिकारी से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि इन एंबुलेंस की अतिरिक्त किराया वसूलने की शिकायत मिल रही थीं। जबकि वही किराया वसूला जाना है जो शासन की ओर से तय किया गया है।
इसके बाद भी एंबुलेंस चालक मनमानी कर रहे हैं। साथ ही बताया कि एंबुलेंस जिला अस्पताल परिसर में खड़ी नहीं की जा सकती हैं। इन दोनों मामले में कार्रवाई कराई गई है। वहीं सूत्रों की माने तो इन एंबुलेंस पर कार्रवाई एक अधिकारी के रिश्तेदार से नोएडा जाने के लिए ज्यादा किराया लेने पर कार्रवाई की गई है। हालांकि इस बात की पुष्टि अधिकारियों ने नहीं की।