बहजोई। विधानसभा चुनाव में मतदाता भयमुक्त होकर मतदान करे। यह बात मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह ने कही। वह कलेक्ट्रेट सभागार में विधानसभा चुनाव को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे।
सोमवार को दोपहर आयोजित की गई बैठक में कमिश्नर ने स्पष्ट कर दिया कि बूथों पर मतदान कर्मियों के ठहरने की व्यवस्था बेहतर हो। उन्होंने कहा कि कोरोना से बचाव को लेकर मत पर्ची काटने वाले लोग खुले स्थान पर बैठें। मतदान कर्मियों के बैठने की उचित व्यवस्था की जाए, जिससे कि मतदाता को मतदान के दौरान कोई परेशानी न होने पाए। महिला मतदान कर्मियों को सुरक्षित स्थान पर ठहराया जाए। मत बूथों पर बिजली, पानी व शौचालय आदि की पर्याप्त व्यवस्था हो। मतदान कर्मियों को पोष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए। कोरोना की गाइड लाइन का शत-प्रतिशत पालन किया जाए। किसी भी दशा में ईवीएम की वीडियो क्लिपिंग न होने पाए। निष्पक्ष मतदान कराना सभी की जिम्मेदारी है।
डीआईजी शलभ माथुर ने कहा कि मतदान को लेकर पुलिस बल की पर्याप्त मात्रा में तैनाती की जाए। अवैध शराब व शस्त्रों के लिए अभियान चलाकर छापेमारी की जाए। इस बीच अधिकारियों की ओर से पोलिंग पार्टी के रवानगी स्थल पर पहुंचकर भी निरीक्षण किया गया। साथ ही विधानसभा वार रूट प्लान भी देखा। बाद में दोनों अधिकारियों ने संभल के शंकर भूषण शरण जनता इंटर कालेज में बने बूथों पर भी पहुंचकर निरीक्षण किया। इसके बाद अफसरों ने पैदल मार्च किया। इस बीच जिलाधिकारी संजीव रंजन व पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र समेत अपर जिलाधिकारी कमलेश कुमार अवस्थी तथा अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।