संभल। शहर में कई स्थानों पर नाले खुले हुए हैं। हुसैनी रोड, भूरे शाह रोड और रोडवेज बस अड्डे की तरफ नाले खुले होने के साथ ही गंदगी और कूड़े का माहौल बना है। इन मार्गों से लोग पैदल गुजरते हैं और वाहनों की आवाजाही भी रहती है। हादसे का अंदेशा बना हुआ है लेकिन नगर पालिका के जिम्मेदार नालों पर स्लैब रखकर बंद नहीं करा रहे हैं।
सर्दी का मौसम में कोहरा भी आएगा। ऐसे में उन मार्गों से गुजरने वाले लोगों के साथ हादसा होने का अंदेशा बना है, जहां नाले खुले हुए हैं। बात हुसैनी रोड की करें तो नखासा की तरफ से आकर लोग हिंदूपुरा खेड़ा, नखासा तिराहा, नखासा थाना की तरफ निकल जाते है। इस रोड पर नाला खुला हुआ है। खुले नाले के किनारे से ही लोग पैदल के अलावा बाइक, ई रिक्शा और कार से निकलते हैं। नाला खुला होने की वजह से यहां हादसा हो सकता है। भूरे शाह रोड पर भी खुले नाले की तस्वीर सामने आई। यह मार्ग से लोग हसनपुर मार्ग, तुर्तीपुर इल्हा आदि की तरफ चले जाते हैं। यहां नाला खुला होने के साथ पानी सड़क पर आ गया है। लोगों को रास्ते से निकलने में परेशानी हो रही है।
रोडवेज बस अड्डा के पास स्थित नाला भी खुला हुआ है। इसमें पानी के साथ कूड़ा भी नजर आ रहा है। नाले के किनारे बैठकर लोग घरेलू सामान भी बेचते हैं। मार्ग से रोडवेज बसों के अलावा बाइकें, कारें और अन्य वाहन गुजरते हैं। इन स्थानों पर नगर पालिका द्वारा नालों को स्लैब रखकर बंद नहीं कराया गया है। सवाल उठा कि सुरक्षा इंतजाम को लेकर जिम्मेदार गंभीर क्यों नहीं हो रहे।
0000000
.जिन स्थानों पर नाले खुले हुए हैं, उन्हें दिखवाया जाएगा। नगर पालिका से संपर्क करके नालों को बंद कराएंगे।
-रामानुज, एसडीएम संभल