चंदौसी के बीएमजी इंटर कॉलेज से प्रश्न पत्रों का रखरखाव देखने के बाद विद्यालय से बाहर आते डीएम, एस?
- फोटो : CHANDAUSI
चंदौसी। दूसरे जनपद में अंग्रेजी का प्रश्नपत्र आउट होने के बाद संभल में प्रशासन व शिक्षा विभाग हरकत में आया है। बृहस्पतिवार को प्रशासन ने 12 अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर भेजकर प्रश्नपत्रों की सुरक्षा की जांच कराई। डीएम, एसपी और डीआईओएस ने भी चंदौसी के दो केंद्रों पर जाकर जांच की। जिले में टीम को सभी जगह व्यवस्था ठीक मिली।
बुधवार को यूपी बोर्ड 12वीं की परीक्षा से पहले अंग्रेजी की प्रश्नपत्र आउट हो गया था और 24 जिले की परीक्षा निरस्त कर दी गई थी। पेपर आउट होने की घटना के बाद बृहस्पतिवार को जिले का प्रशासन भी हरकत में आ गया है। डीएम संजीव रंजन व डीआईओएस मनोज आर्या ने जिले में 12 प्रशासनिक अधिकारियों को 70 केंद्रों पर भेजकर परीक्षा प्रश्नपत्रों की सुरक्षा की जांच कराई। सभी केंद्रों पर व्यवस्था ठीक मिली। इसके साथ ही डीएम संजीव रंजन, एसपी चक्रेश मिश्र, डीआईओएस मनोज आर्य चंदौसी के बीएमजी इंटर कालेज व एसएम इंटर कॉलेज में स्वयं जाकर प्रश्नपत्रों रखने के स्थान का निरीक्षण किया। जहां सभी व्यवस्थाएं ठीक मिली।
प्रशासनिक स्तर पर डीएम से मिलकर सभी केंद्रों पर प्रश्नपत्रों की सुरक्षा का औचक निरीक्षण कराया गया है। सभी जगह व्यवस्था ठीक मिली। कहीं कोई समस्या नहीं थी।
मनोज कुमार आर्य, डीआईओएस, संभल