संभल। वाणिज्यकर विभाग की एसआईबी टीम ने गुरूवार की दोपहर में संभल में एक व्यापारी की एग्रीकल्चर फर्म के गोदाम और वर्कशॉप पर छापा मारा। इस दौरान अभिलेखों को चेक किया गया। व्यापारी द्वारा बार-बार ई-वे बिल कैंसिल कर किया जा रहा था। इसी के आधार पर टीम ने छापा मारा और अभिलेख खंगाले। शुरुआत जांच में टीम को एक करोड़ रुपये का मौके पर स्टॉक कम मिला है। एडीशनल कमिश्नर जीएसटी के मुताबिक जांच के बाद फर्म पर करीब 30 लाख रुपये का जुर्माना हो सकता है।
संभल के हल्लूसराय में स्थित एक एग्रीकल्चर फर्म पर बृहस्पतिवार को दोपहर में 12 बजे पांच गाड़ियों में सवार वाणिज्यकर विभाग की विशेष अनुसंधान शाखा (एसआईबी) टीम आकर रुकी, छापा मारा और कार्रवाई शुरू की। दोपहर से शुरू हुई कार्रवाई देर रात तक जारी रही। जीएसटी के एडिशनल कमिश्नर कमलेश्वर प्रसाद वर्मा ने बताया कि संभल की एक फर्म पर ई-वे बिल बार-बार कैंसिल करने के शक में टीम ने छापा मारा। छापा मारी के दौरान टीम को एक करोड़ रुपये का स्टॉक कम मिला है। जिस पर 15 से 16 लाख रुपये की कर चोरी का मामला बनता है। वहीं, जांच के बाद करीब 30 लाख रुपये तक जुर्माना लग सकता है। फिलहाल खरीद-फरोख्त के अभिलेखों को कब्जे में लिया गया है। जांच पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने पर ही अगली कार्रवाई होगी। वहीं, छापा मार कार्रवाई की भनक लगते ही अन्य व्यापारियों में हड़कंप मच गया।