मढ़न(संभल)। गांव भैंसोड़ा में हेपेटाइटिस-सी से रामलाल की मौत के बाद अब उनके दो बेटे गोविंद और विपिन में भी हेपेटाइटिस-सी की पुष्टि हुई है। गांव में करीब 18 लोग हेपेटाइटिस-सी से पीड़ित मिले हैं, जबकि दो में हेपेटाइटिस-बी की पुष्टि हुई। शुक्रवार को असमोली सीएचसी की टीम ने 50 लोगों की जांच की। पीड़ित मरीजाें का वायरल लोड टेस्ट कराया जाएगा।
असमोली क्षेत्र के गांव भैंसोड़ा में हेपेटाइटिस-सी का प्रकोप है। लोगों का कहना है गांव का पानी दूषित हो गया है। जिससे लोगों में हेपेटाइटिस-सी की शिकायत हो रही है। इसी वजह से बुधवार को गांव के ही रामलाल उर्फ लल्ला की हेपेटाइटिस-सी से मौत हो गई थी। उनका अमरोहा में उपचार चल रहा था। उनकी मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की नींद टूटी। शुक्रवार को असमोली सीएचसी की टीम ने गांव में कैंप लगाया।
सीएचसी प्रभारी डॉ. संदीप सिंह ने बताया कि करीब 50 लोगों की जांच की गई। जिसमें से 18 लोगों में हेपेटाइटिस-सी और दो व्यक्तियों में हेपेटाइटिस-बी की पुष्टि हुई। इनमें मृतक के बेटे विपिन और गोविंद में भी हेपेटाइटिस-सी की शिकायत मिली है। जिन्हें अब दवा उपलब्ध कराई गई है। साथ ही बचाव के तरीके भी बताए गए हैं। कैंप में डाॅ. अमित कुमार भारती, लैब टेक्नीशियन ललित कुमार, पंकज कुमार आदि का सहयोग रहा।