हयातनगर थाने से आगे दरगाह। संवाद
संभल। हयातनगर थाने से आगे अतिक्रमण की जद में आई दरगाह को शिफ्ट किए जाने के बाद अब ढांचे को ऊंचा उठाने का काम शुरू हो गया है। यह ढांचा करीब साढ़े तीन फीट ऊंचा किया जाना है। इसका ठेका स्थानीय ठेकेदार को दो लाख रुपये में दिया गया है।
प्रशासन ने बहजोई मार्ग पर हयातनगर थाने से आगे दरगाह को अतिक्रमण के रूप में चिह्नित किया था, जिसके बाद मस्जिद कमेटी ने रुड़की के ठेकेदार दिलशाद अंसारी को दरगाह को पीछे की तरफ शिफ्ट किए जाने का ठेका दिया। पहले दरगाह साइड में और फिर पीछे की तरफ शिफ्ट की गई। साथ ही उसके ऊपर ढांचे को भी शिफ्ट कर दिया गया। दरगाह की देखरेख करने वाले कारी नासिर ने बताया कि सड़क के बीच से करीब 70 फीट पीछे दरगाह शिफ्ट की गई है।
वहीं दरगाह के ऊपर ढांचे को ऊंचा उठाने का काम शुरू कराया गया है। इसकी जिम्मेदारी गांव कासमपुर जगरूप के ठेकेदार बबलू को दी गई है। कारी नासिर ने कहा कि ढांचा ऊंचा होने के बाद दरगाह के चारों तरफ ताबीज बनाया जाएगा और फिर पत्थर का काम होगा, जिसके बाद मरम्मत और फर्श बनवाया जाएगा। संवाद