बहजोई (संभल)। 8 मार्च 2024 की रात गांव चौपापुर निवासी सतेंद्र राघव के घर में घुसकर हथियारों के बल पर डकैती की वारदात को अंजाम देने वाले 25 हजार रुपये के ईनामी समेत दो बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। प्रभारी इंस्पेक्टर हरीश कुमार ने एसओजी व सर्विलांस की मदद से बुधवार को तड़के करीब साढ़े तीन बजे ढकारी रोड के निकट से दोनों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए जिला बिजनौर के थाना नगीना देहात के गांव कोटकादर निवासी 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश करन समेत राजस्थान के जिला अलवर थाना अकबरपुर के गांव नागल, पिलखड़ी रिटावत निवासी गुरदीप उर्फ छिंदर को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने दोनों बदमाशों को जेल भेज दिया।
बुधवार को एसपी कृष्ण विश्नोई ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए कहा कि करीब सवा साल पहले गांव चौपापुर निवासी सतेंद्र राघव के घर बदमाशों ने वारदात को अंजाम देकर नकदी व जेवर लूट लिए थे। इसको लेकर गिरफ्तार किए गए बदमाशों से एक तमंचा 315 बोर व दो कारतूस, एक तमंचा 12 बोर व दो कारतूस, पीली धातु की दो चेन, एक गले का हार व एक जोड़ी कान के टॉप्स बरामद किए गए हैं।
बदमाश करन पर सात गुरदीप पर दर्ज हैं पांच मामले
बहजोई। एसपी कृष्ण विश्नोई ने बताया कि आपराधिक इतिहास के तहत 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश करन पर अलग-अलग थानों में सात मामले दर्ज हैं। इनमें से करन पर जिला बिजनौर के थाना नगीना देहात में गैंगस्टर व आर्म्स एक्ट समेत जान से मारने की कोशिश व साजिश कर जान से मारने की कोशिश, बलवा, घर में घुसकर मारपीट व जान से मारने की धमकी आदि धाराओं में पांच मामले तथा जिला मेरठ के थाना मेडिकल कॉलेज में चोरी व बरामदगी समेत कोतवाली बहजोई में एक-एक मामला दर्ज है। वहीं, गिरफ्तार किए गए दूसरे आरोपी गुरदीप उर्फ छिंदर के खिलाफ अलग-अलग थानों में पांच मामले दर्ज हैं। इनमें राजस्थान के जिला अलवर के थाना एनईबी व सदर तथा बिहार अरावली में चोरी व एक्ससाइज एक्ट में मामले दर्ज हैं।
सात बदमाशों को पहले ही जेल भेज चुकी है कोतवाली पुलिस
एक अन्य बदमाश ने किया था कोर्ट में सरेंडर
बहजोई। प्रभारी इंस्पेक्टर हरीश कुमार ने बताया कि पूरे मामले में पुलिस सात बदमाशों को जेल भेज चुकी है। वहीं एक बदमाश ने कोर्ट में सरेंडर किया था। शेष दो बदमाशों को अब जेल भेजा गया है। उन्होंने बताया कि वारदात को लेकर पुलिस ने अब तक कुल 10 बदमाशों को जेल भेज दिया है।
प्रभारी इंस्पेक्टर ने बताया कि बीती 8 मार्च 2024 की रात गांव चौपा शोभापुर में सतेंद्र राघव के घर हुई वारदात के मामले में तत्कालीन क्राइम इंस्पेक्टर पुष्पेंद्र सिंह चौहान की ओर से विवेचना की गई थी। विवेचना के बाद प्रकाश में बदमाशों थाना चंदौसी के गांव भवानीपुर में मोहल्ला कमला बिहार के पीछे निवासी धर्मपाल यादव समेत गांव पाठकपुर निवासी शानू उर्फ राइन, जिला बिजनौर के थाना चांदपुर के गांव बाबरपुर निवासी अब्दुल रहमान उर्फ दुल्ला तथा जिला मेरठ के थाना सिविल लाइन मोहल्ला संजय नगर सरकारी स्कूल के पास निवासी सौरभ उर्फ सिम्भा को पुलिस ने 15 मार्च 2024 को मय लूट के सामान के जेल भेज दिया था। उन्होंने बताया कि इसके बाद पुलिस ने डकैती की घटना के आरोपी ग्राम प्रधानपति बिजेंद्र समेत गांव पाठकपुर निवासी चांदबाबू को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार कर तथा विपिन लांबा को जेल भेजा था। वहीं, मामले से जुड़े एक बदमाश मांगे ने कोर्ट में सरेंडर किया था।