चंदौसी। सावन के पहले सोमवार को सादातबाड़ी शिव मंदिर में पूजा करने पहुंचे एक अधिवक्ता ने ड्यूटी पर तैनात सिपाही पर अभद्रता करने और फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। अधिवक्ता ने एसपी को शिकायती पत्र देकर मामले की जांच कर संबंधित सिपाही के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में चंदौसी निवासी अधिवक्ता अखिलेश कुमार ने बताया कि तीन अगस्त को वह बहजोई के सादातबाड़ी स्थित प्राचीन शिव मंदिर में पूजा और जलाभिषेक करने पहुंचे थे। मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी थी और वह भी लाइन में खड़े थे। इसी दौरान धक्का-मुक्की होने पर ड्यूटी पर तैनात सिपाही ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और गिरेबान पकड़ा।
अधिवक्ता ने बताया कि उन्होंने सिपाही को बताया कि उनके हाथ में जल का लोटा और प्रसाद है और पीछे से धक्का लगने के कारण भीड़ में आगे-पीछे हो रहे हैं। इसके बावजूद सिपाही ने उनके साथ कथित तौर पर अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया। अधिवक्ता ने अपना परिचय देते हुए सिपाही से ऐसा व्यवहार न करने को कहा तो मुकदमे में फंसाने और देख लेने की धमकी देने का आरोप लगाया। अधिवक्ता ने शिकायती पत्र में मामले की जांच कराने और सिपाही पर विभागीय कार्रवाई की मांग की है।