संभल। एडीजी बरेली जोन रमित शर्मा ने बुधवार को संभल में बवाल ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने वह पूरा क्षेत्र देखा, जहां पर भीड़ ने बवाल किया। साथ ही जिन रास्तों से बवाली आए और फिर भागे थे।
बुधवार की सुबह 11 बजे के बाद एडीजी बरेली रमित शर्मा शहर में भ्रमण करने के लिए निकले और ड्यूटी पर मुस्तैद पुलिसकर्मियों से जानकारी ली। जामा मस्जिद, नखासा और हिंदूपुरा खेड़ा पहुंचे। इन इलाके की दुकानों को पुलिस प्रशासन द्वारा खुलवाया गया है। ताकि शहर में रौनक फिर से लौट सके। लोगों की चहल पहल भी दिखाई दी। इससे यह तस्वीर तो साफ हो गई कि अब जन जीवन पटरी पर लौट रहा है।
जरूरी काम से महिलाएं बच्चों के साथ घर से निकलीं
हिंदूपुरा खेड़ा और नखासा इलाके में तीन दिन से पूरी तरह सन्नाटा पसरा हुआ था। इन इलाके में पुलिस से उपद्रवियों की झड़पें हुई थीं। ज्यादातर लोग अपना घर छोड़कर चले गए हैं। अब माहौल शांत हुआ है तो लौटने लगे। बुधवार को कई महिलाएं अपने घरेलू सामान की खरीदारी करने के लिए बच्चों के साथ जाती दिखाई दीं। इन इलाके में पुलिस का पहरा जरूर है लेकिन रोक टोक नहीं की जा रही है।
00