संभल। आपराधिक मामले विचाराधीन होने के बाद भी अफगानिस्तान यात्रा पर गए संतरी के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। एक दर्जन मुकदमे विचाराधीन होने के बाद भी तथ्य छुपाकर वीजा हासिल करने पर कार्रवाई होना तय माना जा रहा है। साथ ही न्यायालय को अवगत करा पासपोर्ट निरस्त कराने की कार्रवाई के लिए भी पुलिस पैरवी करेगी।
नखासा थाना क्षेत्र के गांव भतावली निवासी संतवीर उर्फ संतरी के खिलाफ नखासा थाना पुलिस के रिकॉर्ड में जानलेवा हमला करने के दो मुकदमे समेत 12 मामले दर्ज हैं। यह मुकदमे 2013 से 2019 तक अलग-अलग समय पर दर्ज किए गए हैं। 12 मामले विचाराधीन होने के बाद भी 9 अगस्त 2021 को संतवीर उर्फ संतरी अफगानिस्तान गुरुद्वारे में सेवादार के रूप में काम करने के लिए चला गया। अब तालिबानियों ने अफगानिस्तान में कब्जा जमाना शुरू किया तो संतवीर उर्फ संतरी और उसका भतीजा शुभम भारतीय वायु सेना के हवाई जहाज से 23 अगस्त को देश लौट आए।
इसी समय गांव में चर्चा शुरू हुई कि संतवीर उर्फ संतरी के खिलाफ एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। इसके बाद भी वह विदेश यात्रा कर आया। इसकी सूचना पुलिस को हुई तो हड़कंप मच गया। इसी क्रम में गुरुवार को नखासा थाना पुलिस ने संतवीर उर्फ संतरी को बुलाकर पूछताछ की है। सीओ अरुण कुमार सिंह का कहना है कि तथ्य छुपाकर वीजा हासिल करना भी अपराध है। मुकदमे विचाराधीन होने के बाद विदेश नहीं जा सकता। सभी मामले विचाराधीन हैं तो न्यायालय को सूचना दी जाएगी और पासपोर्ट निरस्त कराने के लिए भी कार्रवाई का आग्रह किया जाएगा। जिससे दोबारा विदेश न जा सके।
दिल्ली के तिलकनगर थाने में भी दर्ज है मुकदमा
संभल। अफगानिस्तान से लौटे संतवीर उर्फ संतरी के खिलाफ दिल्ली के तिलकनगर थाने में मुकदमा दर्ज बताया जा रहा है। यह मुकदमा भी 2013 में ही दर्ज हुआ था। संतवीर से जब दिल्ली के मुकदमे की जानकारी की तो उसने बताया कि फैसले की बात चल रही है। इससे साफ हो गया कि दिल्ली में भी मामला दर्ज है। किन धाराओं में मुकदमा दर्ज है इसकी जानकारी नहीं दी गई। सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि दिल्ली के तिलकनगर थाने में मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली है। थाने को पूरे मामले से अवगत कराया जाएगा।