साल 2024 खत्म होने वाला है। इस साल संभल को कई सौगात मिली हैं। जिला धीरे-धीरे विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। 2024 में जिले में सुरक्षा और रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं। जहां एक ओर कलक्ट्रेट भवन के लिए जमीन क्रय की गई है।
वहीं, पुलिस लाइन का निर्माण शुरू हुआ है। बहजोई के पास बन रहा स्टेडियम भी युवाओं को सौगातें देने को तैयार है। कारोबार की दृष्टि से भी औद्योगिक गलियारे की भी सौगात मिले है। इसमें लिए जमीन भी खरीदी जा रही है। संभल और चंदौसी में रोजवेज बस अड्डा बनाने की भी मंजूरी मिली है, जिससे यात्रियों को सुविधा होगी।
240 हेक्टेयर में बनेगा औद्योगिक गलियारा
जिले में बनने वाले औद्योगिक गलियारे से जल्द ही रोजगार और कारोबार को रफ्तार मिलेगी। इसके लिए जमीन खरीदने की प्रक्रिया जनवरी 2024 से शुरू हो गई थी। इसके लिए 240 हेक्टेयर जमीन खरीदी जानी है। यह जमीन गांव खिरनी मोहिउद्दीनपुर, बसला, सारंगपुर व अमावती कुतुबपुर में है। इन चार गांवों के एक हजार से भी ज्यादा किसानों से जमीन खरीदी जा रही है।
कलक्ट्रेट भवन के निर्माण की राशि जारी
बहजोई के पास गांव फत्तेहपुर शरीफनगर में करीब 33 हेक्टेयर में जिला मुख्यालय बनाया जाना है। इसके लिए जिला प्रशासन ने इस साल जमीन भी खरीद ली है। शासन की ओर से निर्माण के लिए धनराशि भी जारी हो चुकी है। जल्द ही इसका निर्माण शुरू हो जाएगा।
स्टेडियम में निखरेगी युवाओं की प्रतिभा
बहजोई के गांव भरतरा में 4.318 हेक्टेयर भूमि में जिला स्टेडियम का निर्माण होना है। शासन ने 10 करोड़ रुपये स्वीकृत हो चुके हैं। इसमें पांच करोड़ रुपये कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) को शासन ने जारी कर दिए हैं। कार्यदायी संस्था ने टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। अब निर्माण शुरू होना है। जिले को यह सौगात भी इसी वर्ष मिली है। स्टेडियम होे से युवाओं की प्रतिभा निखरेगी। अभी तक जिले में स्टेडियम नहीं होने से युवाओं को दूसरे जिलों में जाना पड़ता हैं।
संभल और चंदौसी को रोडवेज बस अड्डे की सौगात
संभल में रोडवेज बस अड्डे को इसी साल मंजूरी मिली है। मुरादाबाद मार्ग पर वाजिदपुरम के पास तश्तपुर में साढ़े तीन हजार वर्ग मीटर जमीन में बस अड्डे का निर्माण होना है। इसके निर्माण को शासन ने कार्यदायी संस्था सीएनडीएस जल निगम को नामित किया है। बस अड्डे के निर्माण के लिए 4.5 करोड़ की राशि जारी कर दी गई है। वहीं, डिपो कार्यशाला निर्माण के लिए 12 करोड़ रुपये जारी किए हैं। उधर, चंदौसी में भी बदायूं चुंगी के पास पावर हाउस की जमीन पर दो एकड़ जमीन में रोडवेज बस अड्डे का निर्माण होगा। इसके लिए शासन से मंजूरी मिल गई है।
मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय की सौगात मिली
बहजोई के गांव आनंदपुर में 25 करोड़ की लागत से मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय के निर्माण के लिए मंजूरी मिली है। यह पहला ऐसा विद्यालय है, जहां प्राइमरी से 12वीं तक के विद्यार्थियों को शिक्षा मिलेगी। इस विद्यालय की सौगात भी इसी वर्ष में मिली है। भूमि उपलब्ध हो गई है। कार्यदायी संस्था भी नामित कर दी गई है। इस विद्यालय में स्टेडियम और पुस्कालय की भी व्यवस्था होगी।
25 पुलिस चौकियों को मिली मंजूरी, दो थानों के लिए जमीन तलाशी
जिले में मजबूत कानून व्यवस्था के लिए 25 नई पुलिस चौकी बनाई जाएंगी। 12 पुलिस चौकी को मंजूरी मिल गई है। इसके अलावा रायसत्ती और बबराला चौकी को थाना बनाया जाएगा। इन दोनों नए थानों के लिए जमीन चिह्नित कर ली गई है। शासन से मंजूरी मिलते ही कार्रवाई आगे बढ़ेगी। दो नए थाने बनाने की प्रक्रिया भी इसी वर्ष शुरू की गई है।
पुलिस लाइन का निर्माण शुरू हुआ
13 वर्ष जिला बने हुए हो गया है, लेकिन पुलिस लाइन स्थायी नहीं है। अस्थाई तौर पर बहजोई की मंडी में पुलिस लाइन संचालित की जा रही है। लंबे समय से पुलिस लाइन के लिए प्रक्रिया चल रही थी। 2024 में पुलिस लाइन के निर्माण की सौगात मिली है। इसी वर्ष निर्माण शुरू हुआ है। पुलिस लाइन के निर्माण होने से पुलिस के अधिकारी व कर्मचारियों को राहत मिलेगी।
- जिले में विकास कार्य काफी तेजी से हो रहे हैं। औद्योगिक गलियारा जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है। कई महत्वपूर्ण कार्य इसी वर्ष शुरू हुए हैं। आने वाले वर्ष में भी विकास कार्य तेजी से कराए जाएंगे। जिससे जिले की तरक्की हो और लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ सकें। - डॉ. राजेंद्र पैंसिया, डीएम, संभल।
- मजबूत कानून व्यवस्था के लिए पुलिस चौकी और थाने बनाए जा रहे हैं। पुलिस लाइन का निर्माण चल रहा है। इसी वर्ष निर्माण कार्य शुरू हुआ है। इस वर्ष में कई सौगात मिली हैं। थाने और पुलिस चौकी बनने से पीड़ित को जल्द न्याय मिलेगा और दूर तक चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। - कृष्ण कुमार विश्नोई, एसपी, संभल