गुन्नौर (संभल)। जमीन की पैमाइश के नाम पर किसान से 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते लेखपाल को बुधवार दोपहर मुरादाबाद एंटीकरप्शन टीम ने रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी लेखपाल को टीम धनारी थाने ले गई। उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव पतेई नासिर निवासी किसान महीपाल की गांव सेमरी की ओर करीब 15 बीघा जमीन है। किसान के मुताबिक, करीब तीन बीघा जमीन पर उसका कब्जा है, जबकि शेष जमीन कम है। जमीन की पैमाइश कराकर पूरी जमीन पर कब्जा दिलाने की मांग को लेकर उसने 16 जुलाई को मुख्यमंत्री दरबार में शिकायत की थी। शिकायत की जांच आने के बाद उसने क्षेत्र में तैनात लेखपाल अमन कुमार से संपर्क किया। आरोप है कि लेखपाल ने जमीन की पैमाइश के एवज में किसान से 50 हजार रुपये मांगे। बाद में 20 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। दस हजार रुपये पैमाइश से पहले और दस हजार रुपये पैमाइश पूरी होने के बाद देने की बात तय हुई। किसान ने इसकी शिकायत मुरादाबाद एंटीकरप्शन टीम से कर दी। बुधवार को लेखपाल राजस्व टीम के साथ धनारी थाना क्षेत्र के सैजना एहरान और किरतपुर के जंगल में जमीन की पैमाइश करने पहुंचा। किसान को भी वहीं बुलाया गया। पैमाइश के बाद लेखपाल किसान को अपनी बाइक पर बैठाकर वहां से चला। रास्ते में किसान ने तय रकम के अनुसार 10 हजार रुपये लेखपाल को दे दिए। इसी दौरान पहले से पीछा कर रही एंटीकरप्शन टीम ने बहजोई-बबराला मार्ग पर भकरौली गांव के पास लेखपाल की बाइक रुकवा ली। टीम ने तलाशी के दौरान रिश्वत के 10 हजार रुपये बरामद कर लेखपाल अमन कुमार को पकड़ लिया। इसके बाद टीम आरोपी को धनारी थाने ले गई। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। एंटी करप्शन टीम प्रभारी कृष्णा अवतार ने बताया कि आरोपी लेखपाल अमन कुमार के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए थाना धनारी पर भ्रष्टाचार निरोधी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है। उधर थाना प्रभारी नरेश पाल सिंह ने बताया कि एंटी करप्शन टीम की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। एसडीएम गुन्नौर अवधेश कुमार ने बताया कि मामला एंटी करप्शन का है। मामले की विभागीय जांच भी कराई जाएगी।