चंदौसी। कोतवाली क्षेत्र के गांव कैथल निवासी राजपाल उर्फ टोटा (50) ने गांव से एक किलोमीटर दूर खेत पर बनी मचान पर अंगोछे से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। बुधवार सुबह खेतों पर जा रहे ग्रामीणों को उसका शव लटका दिखाई दिया, तो हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर जाकर जांच-पड़ताल की। वहीं, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
गांव कैथल से करीब एक किलोमीटर दूर बुद्धनगर खडुआ रोड के पास उस समय हड़कंप मच गया। जब सड़क के पास एक खेत में बनी मचान पर राजपाल उर्फ टोटा पुत्र लीलाधर का शव अंगोछे से लटका दिखाई दिया। शव की सूचना पर सैकड़ों की संख्या पर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। वहीं, जानकारी मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई और पुलिस ने शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बड़े भाई भूप सिंह ने बताया कि राजपाल अविवाहित था और वह एक कोल्ड स्टोरेज पर पल्लेदारी कर अपना गुजारा करता था। इस मामले में कोतवाली प्रभारी संत कुमार ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। आत्महत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।