सड़क हादसे में फल कारोबारी समेत दो लोगों की मौत हो गई। हादसा संभल-हसनपुर मार्ग पर रात्रि साढ़े दस बजे के करीब हुआ। दोनों अपनी अपनी बाइक पर सवार थे। बाइकों की आमने सामने भिड़ंत हुई जिसमें दोनों की मौत हो गई।
मैनाठेर कोतवाली क्षेत्र के महमूदपुरमाफी निवासी अकरम (25 वर्ष) पुत्र युनुस मंसूर अपनी बाइक पर थे। वह फल का कारोबार करते हैं और दिल्ली से लौट रहे थे। रास्ते में संभल-हसनपुर मार्ग पर सेठ कासिम के पेट्रोल पंप के निकट अचानक हादसा हो गया। सामने से आ रही बाइक से अकरम की बाइक टकरा गई।
अकरम के साथ साथ सामने वाली बाइक पर सवार व्यक्ति की मौके पर मौत ही हो गई। दोनों की बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं। सूचना मिलने पर नखासा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लाशों को सड़क से हटवाया। इसके बाद अकरम के परिजनों को खबर भेजी। दूसरे मृतक की शिनाख्त का प्रयास किया।
दोनों के सिर में चोट लगी है। यदि हेलमेट होता तो जान बच सकती थी। यह कहना था मौके पर पहुंचे लोगों का। हादसे के समय बाइकों की भिडंत से तेज आवाज हुई। मौके से गुजर रहे एक व्यक्ति का कहना था कि बाइक सवारों को उसने सड़क पर पड़े देखा दोनों के सिर से खून निकल रहा था। यदि हेलमेट लगाए होते तो सिर बच जाता और जान भी बच सकती थी।