चंदौसी सीएचसी में सुनील की मौत के बाद स्वास्थ्य कर्मचारी से जानकारी करते उसके साथी - संवाद
चंदौसी(संभल)। बदायूं के थाना फैजगंज क्षेत्र में सोमवार को निर्माणाधीन बिजली के टावर पर काम करते समय ट्रॉली का रस्सा टूटने से बिहार के युवक सुनील (26) की मौत हो गई। उसके साथियों ने बताया कि सुनील बिजली विभाग में एक कंस्ट्रक्शन कंपनी के तहत मजदूरी का कार्य करता था। उसके साथियों ने उसकी मौत की सूचना परिजनों को दी। मजदूर की मौत की सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया।
साथियों के अनुसार बिहार के जिला भागलपुर के थाना गोपालपुर के गांव उमड़िया निवासी सुनील बिजली विभाग में एक कंट्रक्शन कंपनी के तहत मजदूरी का कार्य करता था। उसके भांजे अभिषेक ने बताया कि उसका मामा सोमवार दोपहर करीब 12.30 बजे अपने साथियों के साथ गांव फैजगंज बेहटा में टावर खड़े करने का कार्य कर रहा था। वह ट्राॅली में ऊपर चढ़कर टावर पर बोल्ट कस रहा था। तभी अचानक ट्रॉली का एक साइड का रस्सा टूट गया और वह ट्रॉली से नीचे जमीन पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
इसके बाद उसके साथी मिथलेश कुमार, अभिषेक, चंदन कुमार और राजा आदि उसे चंदौसी सीएचसी उपचार के लिए लाए, यहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सुनील अपने साथियों के साथ थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के नगला जैद गांव के एक स्कूल में रहता था। वह अपने पीछे पत्नी फूलो देवी और तीन मासूम बेटियों को रोता-बिलखता छोड़ गया। हादसे के बाद उसके साथी बिना किसी कार्रवाई के शव को साथ लेकर चले गए और परिजनों को घटना की सूचना दे दी।