जुनावई। थाना क्षेत्र के मेरठ-बदायूं रोड पर रविवार की रात एक बजे पैदल जा रहे मैढोली गांव के रहने वाले युवक वीरेश (32) की मौत हो गई। युवक बिना बताए ही रात में घर से निकल गया था। परिजन रात भर तलाश करते रहे। सोमवार की सुबह सड़क किनारे लाश मिली। थाना पुलिस ने शव को अज्ञात में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया और शव घर ले गए।
थाना क्षेत्र के गांव मैढ़ोली निवासी रामवीर सिंह के बेटे वीरेश रविवार की करीब रात एक बजे घर से निकल गया और पैदल ही गांव से थाना क्षेत्र के मेरठ-बदायूं रोड पर रिबाड़ा चौराहे के ही नजदीक निर्माणाधीन पेट्रोल पंप के सामने किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। मेरठ-बदायूं रोड पर निर्माणाधीन पंप पर काम करने वाले व्यक्ति ने सोमवार की सुबह पांच बजे करीब एक अज्ञात शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना देकर अवगत कराया।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने युवक का क्षत विक्षत शव सीएचसी में पहुंचाया और शिनाख्त कराने के प्रयास में जुट गई। आसपास के गांव के लोगों से पूछताछ के बाद युवक की शिनाख्त वीरेश कुमार गांव मैढ़ोली थाना जुनावई के रूप में हुई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी पाकर पहुंचे परिजनों ने पोस्टमार्टम से इन्कार कर दिया और शव घर ले गए।
वहीं थाना प्रभारी मेघपाल सिंह ने बताया मृतक के भाई सतीश के द्वारा बताया गया वीरेश कुमार रात्रि एक बजे करीब घर से निकाल गया था।जिसे तलाश किया गया था। उधर काशीपुर चौकी इंचार्ज प्रवीण कुमार ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया और शव घर ले गए।