बहजोई(संभल)। आंखों के इलाज के रजिस्ट्रेशन पर महिला का प्रसव करने के आरोप में पुलिस ने जिला मुरादाबाद के थाना सोनकपुर के बेहटा सरथल निवासी निजी अस्पताल संचालक आरोपी मोहम्मद उवैश को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया।
प्रभारी इंस्पेक्टर संत कुमार ने बताया कि नोडल अधिकारी व डिप्टी सीएमओ डॉ. विश्वास अग्रवाल की ओर से बीते दिनों तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि मोहल्ला कृष्णा कुंज में आंखों के इलाज के रजिस्ट्रेशन पर अस्पताल में महिला का प्रसव किया गया था। छापे के दौरान अन्य मरीज भी भर्ती थे। डिलीवरी संबंधी चिकित्सक मौके पर नहीं मिले थे। इसके अलावा अस्पताल से दवाइयों व उपकरणों समेत अन्य कागजात भी जब्त किए गए।
प्रभारी इंस्पेक्टर ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। सोमवार को सुबह करीब पौने दस बजे आरोपी को मोहल्ला कृष्णा कुंज से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपी को जेल भेज दिया।