बबराला(संभल)। मुरादाबाद हाईवे पर बाघऊ की पुलिया के पास बाइकों की भिड़ंत में सड़क पर गिरे अभय गुप्ता (20) की ट्रक से कुचल कर मौके पर ही मौत हो गई। जबकि युवक का तहेरा भाई ऋतिक घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार लिया है।
चंदौसी के साईं धाम कॉलोनी निवासी धर्मेंद्र गुप्ता का इकलौता बेटा अभय गुप्ता शुक्रवार को अपने तहेरे भाई ऋतिक निवासी गणेश कॉलोनी गली नंबर आठ के साथ आगरा रिश्तेदारी में गया था। शनिवार की दोपहर दोनों भाई बाइक से घर लौट रहे थे। बबराला-बहजोई मार्ग पर बाघऊ की पुलिया के पास इनकी बाइक दूसरी बाइक से टकरा गई। टक्कर लगते ही दोनों बाइकों पर सवार युवक गिर गए। इसी बीच चंदौसी की ओर से आ रहे ट्रक का पहिया अभय पर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। जबकि ऋतिक भी बाइक से गिरकर घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दूसरी बाइक पर दो युवक सवार थे, जोकि घटना के बाद मौके पर बाइक छोड़ कर भाग गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। ऋतिक को गुन्नौर के अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
-
दो बहनों का इकलौता भाई था अभय
हादसे में जान गंवाने वाला अभय चंदौसी के सीआईसी में कक्षा 11 में पढ़ता था। पिता धर्मेंद्र गुप्ता कार चालक हैं। परिवार में बड़ी बहन आकांक्षा और छोटी बहन अपूर्वा है। वह दूसरे नंबर का था। इकलौते बेटे की मौत से परिवार में चीख पुकार मची है। मां शोभा का रो-रोकर बुरा हाल है। दोनाें बहनें इकलौते भाई की मौत से बदहवास हैं।
-
ट्रक चालक ने किया बचाने का प्रयास
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि भिड़ंत होते ही दोनों बाइकों पर सवार युवक सड़क पर गिर गए, उसी समय चंदौसी की ओर से ट्रक आ रहा था। चालक ने ट्रक रोकने का काफी प्रयास किया, लेकिन तेज गति होने से ट्रक के ब्रेक नहीं लग सके।
-
वर्जन
बाइकों की भिड़ंत के बाद युवक सड़क पर गिरा था, उसी समय ट्रक से कुचलकर उसकी मौत हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा गया है। ट्रक चालक को भी गिरफ्तार कर लिया है। तहरीर के आधार कार्रवाई की जाएगी।
-दीपक तिवारी, सीओ गुन्नौर