संभल। सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ ने पुलिस बल के साथ शुक्रवार को दोपहर मोहल्ला कोट पूर्वी में गुरुद्वारा के पास घर पर छापा मारा। घर में नौ कट्टों और तीन कार्टन में पटाखों का स्टॉक मिला। अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने पटाखों का स्टॉक कब्जे में ले लिया। सिटी मजिस्ट्रेट का कहना है कि पटाखा बेचने को लेकर व्यक्ति लाइसेंस नहीं दिखा सके।
सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार, सीओ आलोक कुमार शुक्रवार को दोपहर मोहल्ला कोट पूर्वी में गुरुद्वारा के पास घर पर पहुंचे। घर में जांच पड़ताल शुरू की गई तो वहां भारी मात्रा में पटाखों का स्टॉक मिला। इस बीच आसपास के लोगों की मौके पर भीड़ लग गई। अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने घर में मिले पटाखों के नौ कट्टों और तीन कार्टन को ई रिक्शों में लदवाकर कोतवाली भेज दिया।
सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार ने बताया कि घर में सुनील गुप्ता मिले, जो पटाखे बेचने को लेकर लाइसेंस नहीं दिखा सके। हालांकि आज ही लाइसेंस के लिए आवेदन किया है। फिलहाल पटाखों के स्टॉक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। लाइसेंस बन जाएगा तो बाद में मामले को देखा जाएगा।