बनियाठेर(संभल)। थाना क्षेत्र के ग्राम बेरीखेड़ा में सरकारी भूमि पर बिना अनुमति डॉ. भीमराव आंबेडकर की मूर्ति स्थापित करने के मामले में हलका लेखपाल की ओर से गांव के ही सात नामजद व 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
लेखपाल संजीव कुमार की ओर से थाने में दी गई तहरीर के अनुसार ग्राम बेरीखेड़ा में राजस्व अभिलेखों में खाद के गड्ढे तथा सार्वजनिक उपयोग की भूमि के रूप में दर्ज गाटा संख्या 122 में बीती छह मार्च की रात में गांव के कुछ अनुसूचित जाति के लोगों ने चंदा इकट्ठा कर प्रशासन की बिना अनुमति के डॉ. भीमराव आंबेडकर की मूर्ति स्थापित कर दी थी, जानकारी होने पर प्रशासनिक अधिकारियों के मौके पर पहुंचने पर ग्राम प्रधान ने गांव के लोगों के सहयोग से उस स्थान से मूर्ति को हटवा दिया।
इस मामले में लेखपाल की ओर से गांव के ही सुमित, तीरथ बाबू, सर्वेश, बंटी, लालाराम, मोरपाल और अतुल समेत 10–15 अज्ञात लोगों के शामिल होने का आरोप लगाया गया। इस पर सभी के खिलाफ थाना पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
दर्ज कराई गई रिपोर्ट में लेखपाल की ओर से कहा गया है कि गांव के कुछ लोगों ने जानबूझकर गांव का माहौल खराब करने की कोशिश की है। इस मामले में लेखपाल की ओर से एसडीएम चंदौसी को भी रिपोर्ट पेश की गई है। थाना प्रभारी मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।