गवां। रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव केसरपुर के नजदीक बरातियों से भरी पिकअप गाड़ी गन्ने से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली से शनिवार की रात करीब 8:45 बजे टकरा गई। इसमें पिकअप चालक कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव सौंधन निवासी हरिओम (25) की मौत हो गई। अन्य नौ बरातियों को चोट आई है। इसमें तीन-चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं, दूसरी ओर हादसे की सूचना पर दुल्हन पक्ष के यहां भी अफरातफरी का माहौल बन गया।
कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव सौंधन निवासी संभू की बरात रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव बहटकरन जा रही थी। एक पिकअप में 25 से ज्यादा लोग सवार थे। जैसे ही गांव केसरपुर के नजदीक पहुंचे तो पिकअप ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। इसमें चालक हरिओम, भोजराम, सोपाली, धर्मेंद्र, नत्थू, भरे, योगेश, पुष्पेंद्र, शिव्यास और आकाश घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को सीएचसी भेजा। जहां हरिओम को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायल का उपचार किया गया और हायर सेंटर रेफर कर दिया। हरिओम के परिजन अस्पताल पहुंचे तो चीख पुकार मच गई।
परिजनों ने बताया कि हरिओम अपने पीछे पत्नी सुधार और दो बच्चे छोड़ गया है। सभी का रो रोकर बुरा हाल है। बताया कि पिकअप भी किसी अन्य व्यक्ति की है। हरिओम तो चालक के रूप में काम कर परिवार को पाल रहा था।