धनारी(संभल)। भाकियू असली का राजकीय पशु चिकित्सालय में चल रहा धरना मंगलवार को 30 वें दिन भी जारी रहा। इस अवसर पर भाकियू असली के राष्ट्रीय प्रमुख सचिव ऋषिपाल सिंह यादव के नेतृत्व में किसान कस्बा रेलवे स्टेशन पहुंचे और बांदीकुई पैसेंजर ट्रेन का स्टॉपेज धनारी बनाए जाने की मांग को लेकर रेलवे प्रबंधक मुरादाबाद के नाम ज्ञापन स्टेशन अधीक्षक को सौंपा।
राष्ट्रीय प्रमुख सचिव ने बताया कि अधिक समय से बांदीकुई पैसेंजर ट्रेन का स्टॉपेज धनारी को कराने की मांग की जा रही है, जबकि धनारी से सैकड़ों यात्री नियमित रूप से इस ट्रेन में सफर करते हैं। उन्होंने बताया कि प्रशासन को कई बार क्षेत्र की समस्या बताई गई, लेकिन अब तक उनकी मांग पूरी नहीं हुई है, जिससे किसानों में रोष है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे सड़क पर भी आंदोलन करेंगे। बताया कि राजनीति दबाव के कारण धनारी के नखासा में पशु बाजार नहीं लग पा रहा है, जिससे उन्हें अपने पशुओं को बेचने के लिए बाहर जाना पड़ता है।
इस मौके पर बहादुरसिंह यादव, जाकिर हुसैन, गजराम सिंह यादव, हरपालसिंह, किशनलाल, सुमन यादव, बीरनसिंह, रामजीतसिंह, ओमकार सिंह, ओमप्रकाश, मेघसिंह, अमरसिंह आदि मौजूद रहे।