चंदौसी। थाना कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र के गांव नगला पूर्वा में हाईटेंशन लाइन का तार टूटने से तीन पशुओं की करंट लगने के कारण मौके पर ही मौत हो गई। घटना को लेकर काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा।
गांव निवासी गुलाम मोहम्मद के ट्यूबवेल की बिजली लाइन गांव के ही रहने वाले नाहर के खेत से होकर निकल रही है। शनिवार की शाम अचानक हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर नीचे गिर गया। उस समय खेत में एक भैंसा और दो छुट्टा गोवंशीय पशु चर रहे थे। तार गिरते ही खेत में करंट फैल गया और तीनों पशुओं की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। इसमें एक पॉप्लर के पेड़ में भी आग लग गई।
ग्रामीणों का कहना है कि काफी समय से जर्जर बिजली लाइन बदलवाने की मांग बिजली विभाग से की जा रही थी, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। गांव के लोगों का कहना है कि खेत में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे को लेकर गांव के लोगों में बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश है। संवाद