चंदौसी। उत्तर प्रदेश की विभिन्न राजकीय, अनुदानित, पीपीपी, निजी व अल्पसंख्यक समुदाय की पॉलिटेक्निक संस्थाओं में संचालित तकनीकी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा 2026 की आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। संयुक्त प्रवेश परीक्षा में ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को आवेदन फॉर्म भरने में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए राजकीय
पॉलिटेक्निक में विशेष हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है। जहां छात्र फॉर्म भरने से जुड़ी समस्याओं में सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
पॉलिटेक्निक संस्थानों में दाखिले के लिए आयोजित की जाने वाली संयुक्त प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 जनवरी से शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी परिषद की आधिकारिक वेबसाइट www.jeecup.admissions.nic.in पर 30 अप्रैल तक आवेदन कर सकते हैं। जिले का एकमात्र राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान चंदौसी के बदायूं रोड पर स्थित है, जहां सिविल, केमिकल और प्रिंटिंग ट्रेड में 75-75 सीटें निर्धारित की गई हैं। इसके अलावा लेटरल एंट्री के तहत 14 सीटों पर भी प्रवेश लिया जाएगा।
इस तरह संस्थान में कुल करीब 239 सीटों पर छात्रों को दाखिला मिलेगा। छात्र-छात्राओं को आवेदन फॉर्म भरते समय किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए राजकीय पॉलिटेक्निक में हेल्प डेस्क बनाई गई है। हेल्प डेस्क पर शिक्षकों और कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जहां अभ्यर्थी आवेदन, दस्तावेज अपलोड और प्रवेश परीक्षा से संबंधित समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकते हैं। प्रधानाचार्य एसके वर्मा ने बताया कि आवेदन फॉर्म भरते समय छात्र - छात्राओं को कोई परेशानी न हो। इसके लिए संस्थान में हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है।
............................
शुल्क भी निर्धारित
पॉलिटेक्निक की संयुक्त प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन शुल्क सामान्य एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 300 रुपये प्रति पाठ्यक्रम निर्धारित किया गया है, जबकि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों को 200 रुपये प्रति पाठ्यक्रम शुल्क जमा करना होगा। एक अभ्यर्थी अधिकतम तीन पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन कर सकता है।