चंदौसी। कारज के प्रारंभ में, प्रथम तुम्हारा नाम, विघ्नों को हर लेते, देते शुभ परिणाम... खटीमा से आए कवि शांति राणा की कवियों की यह पंक्तियां गणेश मेले के रंगमंच पर गूंज गईं।
मौका था युवा कवि सम्मेलन का। इसके बाद भगवान गणेश और राम जी की महिमा का बखान करते हुए कवियों ने रचनाएं पेश कीं। कवि अमित यादव श्याम ने भगवान राम का गुणगान किया। बोले राम कृपा ते नर तन पायो, मिलती दया सदैव नहीं है।
काव्य संध्या में जिले के उभरते कवियों में अतुल कुमार शर्मा, हिमांशी शर्मा, शिखा राम रावत, बृजेश शर्मा, अभिराम, जेडी सिंह एवं अमरजीत सिंह ने अपनी रचनाओं को सुनाया। युवा कवियों ने रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को काव्य रस, हास्य-व्यंग्य एवं ओजस्वी विचारों से मंत्रमुग्ध कर दिया।
श्रोताओं ने तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया और देर रात तक भूपाल रंगमंच काव्य की गूंज से सराबोर रहा। मेले के भूपाल रंगमंच पर नवल किशोर गुप्ता एवं अजय किशोर गुप्ता की पुण्य स्मृति में इस युवा कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया।
शुभारंभ ललित किशोर गुप्ता एवं अभिषेक गुप्ता अप्पू ने किया। मुख्य अतिथि अधीक्षण अभियंता विद्युत विभाग हिमांशु वार्ष्णेय रहे। संचालन विकास मिश्रा ने किया, जबकि वरिष्ठ कवि सुखपाल सिंह गौर की गरिमामयी उपस्थिति ने शोभा बढ़ाई।
इस अवसर पर श्री गणेश मेला परिषद के मुख्य सचिव हरिगोपाल वार्ष्णेय, ललित किशोर गुप्ता, सुधीर गुप्ता, रविंद्र कुमार रूपी, मनोज गुप्ता मीनू, डॉ. राजीव गुप्ता, विनय सर्राफ, लोकेंद्र शर्मा, प्रजीत कुमार, मेजर शशिकांत गुप्ता, सतेंद्र, मुकेश वार्ष्णेय, फईमुद्दीन, आशुतोष वार्ष्णेय, धर्मेश, प्रमोद गुरु, आकाश शर्मा आदि उपस्थित रहे।