संभल। ऐंचोड़ा कंबोह थाना क्षेत्र के गांव पाली गांव में दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। इस विवाद के कारण एक पक्ष के अंकित कुमार अपने पूरे परिवार सहित मंगलवार को गांव छोड़ने को लेकर तैयार हो गए। बाद में मामला थाने पहुंचा तो परिवार थाने में जाकर बैठ गया। पुलिस ने देररात आश्वासन दिया कि पूरी मदद की जाएगी और जो सही होगा उसके मुताबिक कार्रवाई होगी। इसके बाद परिवार गांव लौटा है।
अंकित कुमार ने बताया कि उनके पड़ोस में एक मकान बना है और वह गलत रास्ता निकाल रहा है। विरोध करते हैं तो झूठे मुकदमें में फंसाने की धमकी दी जाती है। कुछ दिन पहले मारपीट भी की और पुलिस ने सख्त कार्रवाई नहीं की। इसके चलते घर का सारा सामान ट्रैक्टर-ट्राली में भरकर ले जा रहे हैं और पलायन करने के लिए मजबूर हैं।बताया कि फर्जी मुकदमों से परेशान हैं। पुलिस सख्त कार्रवाई करे तो धमकी मिलनी बंद हो जाएगी। ऐंचोड़ा कंबोह के थाना प्रभारी कमलेश कुमार ने बताया कि इस पूरे प्रकरण की गहन जांच कराई गई है। पुलिस ने इस विवाद के संबंध में तीन व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। दर्ज किए गए मुकदमे की विवेचना अभी भी जारी है। परिवार को समझाकर घर भेज दिया गया है।