संभल। झमाझम बारिश से शहर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया। जलभराव की समस्या ने लोगों के सामने सुरक्षित आवागमन पर संकट खड़ा कर दिया। इस कारण लोगों को जूझना पड़ा। तमाम लोग जलभराव से गुजरने को मजबूर भी रहे।
नगर पालिका अब तक नालों की मुकम्मल सफाई नहीं करा पाई। हालांकि, दो दिन पहले कुछ नालों को जरूर साफ कराया गया लेकिन बुधवार को हुई बारिश ने इनकी भी पोल खोल दी। तुर्तीपुर इल्हा इलाके में जलभराव की समस्या से लोग बेहाल हैं। यही हाल नखासा इलाके और रोडवेज बस अड्डे के नजदीक दिखाई दिया।
रोडवेज बस अड्डे पर तो जलभराव खत्म हो गया लेकिन नखासा और तुर्तीपुर इल्हा इलाके में जलभराव की समस्या देररात तक बनी हुई है। मुख्य बाजार, शंकर चौराहा और जिला अस्पताल में भी जलभराव हो गया, जो काफी देर तक बना रहा। कई घंटे बाद जलभराव कम हुआ, तब जाकर लोगों को कुछ राहत मिल सकी। वहीं, नगर पालिका ने मोहल्ला तुर्तीपुर इल्हा इलाके में पंप लगाकर जलनिकासी कराई।
00000000
जलभराव की पुरानी समस्या
मोहल्ला तुर्तीपुर इल्हा के लोगों ने बताया कि जलभराव की समस्या नई नहीं है। यह समस्या काफी समय से चली आ रही है और हर साल बारिश में दिक्कत का बड़ा कारण बन बनती है। लोगों ने अफसोस जताया कि इस पुरानी समस्या से निजात दिलाने के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। इसी कारण उन्हें हर बार बारिश में दुश्वारियां झेलनी पड़ती हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस दिशा में ध्यान देने की अपील की है। संवाद
00000000
करोड़ों रुपये पालिका ने खर्च किए लेकिन जलनिकासी का स्थायी समाधान नहीं हुआ
हर साल पालिका विकास कार्याें पर करोड़ों रुपये खर्च करती है। गत वित्तीय वर्ष में भी करोडों रुपये खर्च किए गए हैं लेकिन शहर की मूल समस्या जलभराव से राहत दिलाने का काम नहीं किया जाता है। सीवर लाइन का निर्माण किया गया लेकिन वह भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई। तुर्तीपुर इल्हा इलाके में सीवर लाइन है लेकिन जलनिकासी अभी भी नहीं है। पंप लगाकर जलनिकासी हो रही है। सरायतरीन इलाके में सीवर लाइन बिछाई गई थी वह भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी। जांच हुई लेकिन निष्कर्ष कोई नहीं निकला। आम लोगों के लिए बरसात में होने वाला जलभराव बड़ी समस्या है। इसके लिए ठोस कदम कोई नहीं उठा रहा है।
जहां-जहां जलभराव की स्थिति है और निकासी की व्यवस्था नहीं है। वहां पर पंपसेट लगाकर पानी निकलवाया जा रहा है। अधिकांश नालों को नए सिरे से बनाया जाना है। इसके लिए प्रस्ताव हो गए हैं। बारिश के बाद काम शुरु कराया जाएगा।
आदित्य प्रकाश, ईओ, पालिका संभल