संभल। गुन्नौर तहसील के गैरआबाद गांव सुखैला में गंगा की जमीन पर 2019 में अवैध पट्टों का आवंटन करने में आरोपी बनाए गए सुल्तानपुर के निलंबित एसडीएम करम सिंह समेत 13 आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगी हैं। हालांकि अभी तक पुलिस को सफलता नहीं मिली है।
दूसरी ओर पुलिस ने गांव पहुंचकर पट्टाधारकों से भी बयान लिए हैं। पट्टाधारकाें ने पुलिस से वसूली करने की बात कही है लेकिन ग्रामीण सबूत नहीं दे पाए हैं। कोतवाली के प्रभारी अखिलेश प्रधान का कहना है कि पट्टाधारकों से पूछताछ की है। आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।
गुन्नौर तहसील में तैनात लेखपाल स्वाति शर्मा की तहरीर पर गुन्नौर के तत्कालीन बर्खास्त एसडीएम ओमवीर सिंह, तत्कालीन तहसीलदार करम सिंह, ग्राम पंचायत असदपुर के ग्राम प्रधान विक्रांत, पूर्व डीजीसी जय भारद्वाज व चकबंदी के अधिकारी व कर्मचारी और ग्राम पंचायत सदस्यों के खिलाफ फर्जी तरीके से गंगा की जमीन पर पट्टे आवंटन के मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
इसमें तत्कालीन एसडीएम ओमवीर सिंह, तत्कालीन चकबंदी अधिकारी महेंद्र सिंह व चकबंदी लेखपाल भीमराव सिंह, तत्कालीन राजस्व निरीक्षक राजवीर सिंह एवं पूर्व ग्राम प्रधान असदपुर विक्रांत एवं अधिवक्ता जय भारद्वाज को गिरफ्तार कर लिया गया है। अब भागे हुए आरोपियों की तलाश पुलिस की टीम कर रही है।
00000000
इनकी तलाश कर रही है पुलिस
तत्कालीन गुन्नौर तहसीलदार करम सिंह चौहान वर्तमान में एसडीएम के पद पर सुल्तानपुर जिले में तैनात, चकबंदी अधिकारी सतीश गुप्ता, परवाना अमलदरामद जारी करने वाले सेवानिवृत्त राजस्व निरीक्षक रक्षपाल सिंह, तत्कालीन चकबंदी कर्ता मनवीर सिंह, ग्राम पंचायत सदस्य प्रवीन कुमार, संतोष कुमार, जलधारा, मोहरश्री, किशनलाल, देवेंद्र कुमार, लेखपाल सर्वेश कुमारी, लेखपाल अमित कुमार, लेखपाल ओमकार सिंह।
सभी आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीम लगी है। छह आरोपी पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं। अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कृष्ण कुमार बिश्नोई, एसपी, संभल