चंदौसी। सीएचसी में 18 करोड़ की लागत से क्रिटिकल केयर यूनिट का निर्माण कार्य अंतिम दौर में चल रहा है। 50 बेड की पांच मंजिला इमारत के बेसमेंट समेत पूरे भवन के निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और अब प्लास्टर का कार्य किया जा रहा है। इसके बाद सभी कक्षों को डेकोरेट किया जाएगा। इस यूनिट में गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार की व्यवस्था रहेगी।
सीएचसी में अभी तक गंभीर मरीजों जैसे सड़क दुर्घटनाओं में घायल हुए व्यक्तियों को सामान्य उपचार ही मिल पाता है। बेहतर उपचार के चलते घायलों को हायर सेंटर या फिर अन्य जनपदों में रेफर करना पड़ता है। ऐसे में समय पर सही इलाज न मिलने के कारण कई बार मरीजों की जान पर बन आती है। इसी को लेकर शासन ने चंदौसी सीएचसी में क्रिटिकल केयर यूनिट बनाने की स्वीकृति दी थी। इसके लिए सीएचसी परिसर में एक हजार वर्ग मीटर जमीन चिह्नित की गई थी। भूमि चिह्नांकन के बाद 50 बेड की पांच मंजिला यूनिट के लिए 18 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत हुआ था। करीब डेढ़ वर्ष से अधिक समय से इस यूनिट का निर्माण कार्य चल रहा है।
डेढ़ वर्ष से चल रहा निर्माण कार्य
रामपुर जिले की कार्यदायी संस्था सीसीयू का निर्माण कार्य दिसंबर 2024 से कर रही है। कार्यदायी संस्था ने सीसीयू के बेसमेंट समेत पांचों मंजिल का कार्य लगभग पूरा कर दिया है। अब प्लास्टर का कार्य किया जा रहा है। इसके बाद रंग रोगन और डेकोरेशन का कार्य जल्द ही किया जाएगा।
-
ये मिलेंगी सुविधाएं
ऑपरेशन थिएटर, सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड, आईसीयू, लिफ्ट, आपातकालीन वार्ड, ऑर्थो विंग, सर्जरी विंग, समेत अन्य सुविधाएं 24 घंटे मुहैया होंगी।
........................
सीएचसी में बन रही क्रिटिकल केयर यूनिट का काम अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। इसके शुरू होने से गंभीर मरीजों को बेहतर और समय पर इलाज मिल सकेगा। यहां भर्ती मरीजों की 24 घंटे निगरानी की व्यवस्था रहेगी। यूनिट को आधुनिक उपकरणों से लैस किया जाएगा। उम्मीद है कि अगले दो महीनों में यह पूरी तरह तैयार हो जाएगी।
डॉ. हरविंदर सिंह, सीएमएस, सीएचसी चंदौसी