मृतक अयांश का फाइल फोटो : स्रोत- परिजन
बनियाठेर(संभल)। मुरादाबाद-आगरा नेशनल हाईवे पर मंगलवार की सुबह चंड़ीगढ़ के हमीरपुर में आयोजित एक कार्यक्रम से लौट रहे सब्जी व्यापारी की कार थाना बनियाठेर के बाहर खड़े मिट्टी से लदे डंपर में जा घुसी। हादसे में अयांश (4) की मौत हो गई। जबकि माता पिता समेत पांच लोग घायल हो गए। घायलों को चंदौसी सीएचसी लाया गया। जहां चिकित्सक ने पिता की हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया। मुरादाबाद के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
जनपद बदायूं के थाना बिसौली के गांव परसिया निवासी परवेश हिमाचल प्रदेश के अमेरपुर में सब्जी का काम करते हैं और परिवार के साथ अमेरपुर में ही रह रहे हैं। मंगलवार की सुबह सात बजे करीब परवेश अपनी कार से चंडीगढ़ के हमीरपुर में आयोजित एक कार्यक्रम से लौट रहे थे। साथ में उनकी पत्नी मीना, बेटा अयांश, साली ज्योति और साला अर्जुन निवासी गांव बिलौलिया थाना बिसौली और अर्जुन की नानी गेंदावती भी थीं। कार अर्जुन चला रहा था। मंगलवार सुबह करीब सात बजे जब वह मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर थाना बनियाठेर के निकट पहुंचे तो अचानक कार अनियंत्रित होकर थाना के बाहर खड़े मिट्टी से लदे डंपर में जा घुसी। टक्कर लगने से कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार में सवार सभी लोग घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर आई एंबुलेंस घायलों को लेकर चंदौसी सीएचसी ले आई। जहां अयांश को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। परवेश की हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया। परवेश का मुरादाबाद के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। वहीं परिजन बिना पुलिस कार्रवाई के बच्चे अयांश का शव घर ले गए। थाना प्रभारी मेघपाल सिंह ने बताया कि इस मामले में परिजन बच्चे का पोस्टमार्टम कराए बिना ही शव घर ले गए। कोई तहरीर भी नहीं दी गई है।