जुनावई (संभल)। गांव अजीजपुर में 20 दिन पूर्व हुई लूट की घटना में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर सात लोगों के खिलाफ डकैती का मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही जांच शुरू कर दी है।
ग्राम अजीजपुर निवासी थान सिंह यादव ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि वह 24 अक्टूबर को रात लगभग नौ बजे वह गांव में रामलीला देखने गया था। इसी दौरान भाई गोपीराम ने उसे बताया कि गांव के कुछ लोग घर में घुसकर लूटपाट कर रहे हैं। मौके पर जाकर देखा तो आरोपी धान के चार कट्टे, बर्तन व अन्य कीमती सामान बांधकर ले जा रहे थे। उन्होंने भाई के साथ उन्हें पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपियों ने फायरिंग कर दी। एक आरोपी ने बेटे अवधेश पर जान से मारने की नीयत से धारदार हथियार से वार कर घायल कर दिया। उन्होंने सचिन नाम के युवक को पकड़कर 112 पुलिस हवाले कर दिया गया। जब घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने गए तो उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई, बल्कि उल्टा मुकदमा दर्ज कर दिया गया। अब पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर गांव के ही रहने वाले राम रईस, राम प्रकाश, सचिन, बृजेश, मुकेश, राजेश व सोनू समेत सात लोगों के खिलाफ डकैती की धारा में मुकदमा दर्ज किया है।