कुढ़फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के गांव बिचैटा गांव के ग्रामीण हरिबाबा बांध गंगा घाट पर बच्चों का मुंडन संस्कार कराने गए थे। इस दौरान गंगा नहाते समय नौ लोग पानी में बह गए। इनमें से छह लोगों को ग्रामीणों ने बचा लिया, जबकि तीन किशोरियां तेज बहाव में बह गईं। जिनकी तलाश में पीएसी की टीम जुटी है।
संभल में मुंडन संस्कार करने के लिए गंगा किनारे गए नौ लोग नहाते समय बह गए। यह देख चीख-पुकार मच गई। इनमें से छह लोगों को तो ग्रामीणों ने बाहर निकाल लिया, लेकिन तीन किशोरियों का पता नहीं चल पा रहा है। लापता किशोरियों की पीएसी के जवान तलाश कर रहे हैं। वहीं एसडीएम और सीओ ने मौका मुआयना किया है।
विज्ञापन
शुक्रवार को कुढ़फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के गांव बिचैटा निवासी जीतू पुत्र खुशीराम परिवार के साथ हरिबाबा बांध गंगा घाट पर बेटी व बेटा का मुंडन संस्कार कराने आए थे। परिवार के भी करीब 25 लोग साथ आए थे। दोपहर के समय कुछ लोग गंगा किनारे नहाने लगे। नहाने के दौरान लोग गहरे पानी में पहुंचे तो बहाव तेज के कारण बहने लगे। यह देख चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण व परिजनों ने बह रहे लोगों को किसी तरह बाहर निकाला।
जिनकी जान बचाई गई उनमें प्रिंस, रश्मि, श्याम सुंदर, राधा, ममता, वीरवती शामिल हैं। वहीं गीता, सरिता, प्रियंका की तलाश की जा रही है। सूचना पर पहुंचे एसडीएम गुन्नौर रामकेश सिंह धामा और सीओ डीके शर्मा ने पीएसी के जवानों की मदद से किशोरियों की तलाश शुरू कराई है। दो घंटे की तलाश के बाद भी किशोरियों को पता नहीं चला है। पीड़ित परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।