संभल। चंदौसी चौराहे पर अवैध रूप से नो वेंडिंग जोन और नो पार्किंग जोन में खड़े आठ ई-रिक्शा सीज कराए गए हैं। 20 का चालान भी काटा गया है। सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार ने सोमवार को यह कार्रवाई कराई। उन्होंने बताया कि इनके खड़े रहने से आवागमन बाधित होता है। हादसों का डर बना रहता है।
संभल में ई-रिक्शा चालकों के लिए कोई रूट निर्धारित नहीं है। वे मुख्य मार्गों और संकरे रास्तों पर कहीं भी ई-रिक्शा रोक देते हैं। असमोली अड्डा, चौधरी सराय और मुख्य बाजारों में ई-रिक्शा सवारियों की तलाश में बीच सड़क पर खड़े हो जाते हैं। इसके साथ नो-पार्किंग और वेडिंग जोन में भी यह खड़े रहते हैं। इससे जाम की समस्या बनती है। वाहनों का निकलना भी मुश्किल हो जाता है। अक्सर चालक जल्दीबाजी में या सवारियों को बैठाने के लिए ई-रिक्शा को गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में ले जाते हैं, जिससे आमने-सामने से आ रहे वाहन फंस जाते हैं।
बीते दिनों इस समस्या को लेकर श्री कल्कि सेना निष्कलंक दल के राष्ट्रीय संयोजक सुभाष त्यागी ने प्रशासन को पत्र सौंपा और निजात दिलाने की मांग उठाई। जिसके बाद प्रशासन ने इसका संज्ञान लिया। सोमवार को सिटी मजिस्ट्रेट चंदौसी चौराहे पहुंचे और नो वेंडिंग व नो पार्किंग जोन में खड़े ई-रिक्शा पर कार्रवाई का हंटर चलवाया। इस दौरान आठ ई-रिक्शा सीज कराए गए और 20 का चालान काटा गया। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि इस तरह के मामलों मेें कार्रवाई जारी रहेगी।