बहजोई। बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों में तैनात शिक्षकों के पारस्परिक स्थानांतरण के लिए सचिव बेसिक शिक्षा की ओर से सूची जारी कर दी गई है। बीती 28 मई को शाम सचिव बेसिक शिक्षा की ओर से जारी हुई सूची के आधार पर जिला संभल से 77 शिक्षकों का दूसरे जिलों के लिए पारस्परिक स्थानांतरण हुआ है।
बीएसए अलका शर्मा ने बताया कि जिला संभल से 77 शिक्षकों का अन्य जिलों में बदायूं, बिजनौर, हाथरस, बरेली, मुरादाबाद, सहारनपुर, अमरोहा व हापुड़ आदि के लिए पारस्परिक स्थानांतरण हुआ है। इनमें विकासखंड असमोली के 22, संभल के दो, पंवासा के 14, बहजोई के पांच, बनियाखेड़ा के 10, गुन्नौर के नौ, जुनावई के आठ व रजपुरा के तीन शिक्षक शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि इनमें पहली सूची में 35 वह शिक्षक शामिल हैं, जिन्होंने पारस्परिक स्थानांतरण के लिए दूसरे जिलों के शिक्षकों से संपर्क कर पहले ओटीपी की मांग की थी। वहीं, दूसरी सूची में वह 42 शिक्षक शामिल हैं, जो कि दूसरे जिले के परिषदीय विद्यालयों में तैनात हैं और इन्होंने स्वयं जिला संभल के शिक्षकों से संपर्क कर ओटीपी की मांग की।
बीएसए ने बताया कि इन सभी शिक्षकों के स्थानांतरण के मामले में सभी बीईओ को पत्र जारी कर 3 जून तक अभिलेख मंगाए गए हैं। इसके बाद अभिलेख मिलने पर 4 जून को स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी करते हुए शिक्षकों को दूसरे जिले के कार्यमुक्त कर दिया जाएगा।
स्कूल टू स्कूल होगी तैनाती प्रक्रिया
अंतरजनपदीय स्थानांतरण को लेकर शिक्षकों की तैनाती प्रकिया स्कूल टू स्कूल होगी। बीएसए अलका शर्मा ने बताया कि जो शिक्षक जिले से स्थानांतरित होकर दूसरे जिले के लिए कार्यमुक्त होंगे। उन शिक्षकों के विद्यालय में ही दूसरे जिले से आने वाले शिक्षक को पारस्परिक तैनाती मिलेगी। इसी आधार पर सचिव बेसिक शिक्षा की ओर से जारी सूची में भी कार्य मुक्त होने वाले शिक्षक के विद्यालय में दूसरे जिले से आने वाले शिक्षक को पारस्परिक तैनाती मिलेगी।