चंदौसी। चुनाव आचार संहिता लागू होते ही पुलिस प्रशासन भी हरकत में आ गया। जिलेभर में पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने नगरीय क्षेत्रों से विभिन्न राजनीतिक पार्टियों की फ्लैक्सियां उतरवाई। इस दौरान शहर में हरकंप मचा रहा।
रविवार की शाम चुनाव आयोग ने लोकसभा चुनाव की घोषणा की दी। चुनाव की तारीखों की घोषणा होते ही आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। आचार संहित लागू होते ही पुलिस प्रशासन भी हरकत में आ गया। उपजिलाधिकारी महेश प्रसाद दीक्षित व सीओ पूनम मिश्रा ने कोतवाली में नगर पालिका परिषद के अधिकरियों को बुलाया और बातचीत की।
प्रभारी निरीक्षक ऋषिराम कठेरिया पुलिस बल को साथ लेकर सभी के साथ फब्बारा चौक पर पहुंचे। वहां लगी विभिन्न राजनीतिक दलों की फ्लैक्सी हटवाई। यहां के बाद आजाद रोड, मालगोदाम रोड, रेलवे फाटक 35 बी के पास, बदायूं चुंगी, बाई पास, होते मंडी के पास व रेलवे फाटक के पास लगी फ्लैक्सियां उतरवाई। इस दौरान लोगों की भीड़ लगी रही। फ्लैक्सी उतरवाने में नगरपालिका के जेई केके अग्रवाल के अलावा सफाई नायक विशंभर कुमार, दिलीप कुमार, कमल कुमार, ब्रजराज, कृष्ण कुमार, इरशाद हुसैन, मुकेश कुमार, राजेश कुुमार आदि ने सहयोग किया।
वेतन नहीं मिला, फ्लैक्सी उतरवाने से किया इंकार
चंदौसी। चुनाव आचार संहिता के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने रविवार की शाम फ्लैक्सी उतरवाने के लिए सफाई कर्मियों को कोतवाली बुलाया गया। वहां मौजूद उपजिलाधिकारी महेश प्रसाद दीक्षित से सफाई कर्मियों ने यह कहकर फ्लैक्सी उतरवाने से इंकार कर दिया कि उन्हें पिछले चार माह से वेतन नहीं मिला है। उनके सामने आर्थिक संकट बना हुआ है। उपजिलाधिकारी के यह कहने पर कि नए अधिशासी अधिकारी आ गए है उनकी समस्या का शीघ्र समाधान किया जाएगा। इसके बाद ही सफाई कर्मी फ्लैक्सी उतरवाने के लिए तैयार हुए। इस दौरान गौरव कुमार, सुरजीत बाबू, दीपू, रिंकू कुमार, सुमित दास, मटरुलाल, शंकरलाल, संजय कुमार, सचिन कुमार, संजीव कुमार, बिजेंद्र कुमार, नीरज, आशीष आदि मौजूद रहे।