संभल। जिले में शुक्रवार को बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन का मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस निर्वाचन में कुल 71.42 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल, पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी ने विशेष निगरानी रखी।
शिक्षक निर्वाचन के लिए जिले में कुल 3,499 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 2,172 पुरुष और 1,327 महिला मतदाता शामिल हैं। कुल 2,499 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान करने वालों में 1,703 पुरुष और 796 महिला मतदाता शामिल रहे।। मतदान सुबह 8 बजे प्रारंभ हुआ। शाम 4 बजे तक मतदान केंद्रों के अंदर पहुंचे सभी मतदाताओं को वोट डालने का अवसर मिला। इसके बाद मतदान प्रक्रिया पूर्ण हुई। अधिकारियों ने विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। संपूर्ण मतदान प्रक्रिया के दौरान निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं पर कड़ी निगरानी रखी गई।
जिले में मतदान के लिए सात मतदेय स्थल निर्धारित किए गए। इनमें मतदेय स्थल संख्या 99, विकास खंड कार्यालय मनौटा (असमोली), कक्ष-1। तहसील कार्यालय संभल, कक्ष-1 (मतदेय स्थल संख्या 100)। विकास खंड कार्यालय पवांसा, कक्ष-1 (मतदेय स्थल संख्या 101)। तहसील कार्यालय चन्दौसी, कक्ष-1 (मतदेय स्थल संख्या 102) और विकास खंड कार्यालय बहजोई, कक्ष-1 (मतदेय स्थल संख्या 103)। विकास खंड कार्यालय रजपुरा, कक्ष-1 (मतदेय स्थल संख्या 104) और विकास खंड कार्यालय गुन्नौर, कक्ष-1 (मतदेय स्थल संख्या 105) पर शांतिपूर्ण मतदान हुआ।