संभल/बहजोई/नरौली/चंदौसी। कोरोना को मात देने के लिए पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्रा समेत 690 फ्रंटलाइन वर्कर ने टीका लगवाया। जिले के नौ केंद्रों पर 1494 कर्मियों को 13 सेशन में टीका लगाने का लक्ष्य था। पुलिस, नगर निकाय और पंचायती कर्मचारियों ने टीकाकरण कराया पर टीकाकरण का प्रतिशत 46.18 ही रहा।
गुरुवार को हुए टीकाकरण में 1494 कर्मियों के सापेक्ष 690 कर्मी ही टीका लगवाने पहुंचे। इसमें 60 महिलाएं व 630 पुरुषकर्मी शामिल थे। बहजोई में पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र ने कोरोना से बचाव का टीका लगवाया और संभल में नगर पालिका के ईओ रामपाल ने टीका लगवाया। जिला अस्पताल में बूथ संख्या एक पर पहला टीका होमगार्ड हरद्वारी लाल को लगाया गया। बूथ संख्या दो पर पहला टीका नगर पालिका के सफाई कर्मचारी आनंद कुमार को लगा। सीएचसी संभल पर पहला टीका सफाई नायक सुनील कुमार को लगाया गया। पुलिस विभाग की ओर से होमगार्ड ही टीका लगवाने के लिए पहुंचे उनकी संख्या भी ज्यादा नहीं रही। नगर निकाय और पंचायत कर्मचारियों में भी उत्साह खासा नहीं रहा। इसी के चलते प्रतिशत काफी कम रहा है। नौ स्वास्थ्य केंद्रों में सबसे कम टीकाकरण 27.60 प्रतिशत चंदौसी सीएचसी का रहा है। सबसे ज्यादा 68.80 प्रतिशत टीकाकरण नरौली सीएचसी पर किया गया। नरौली सीएचसी पर नगर पंचायत कर्मचारियों ने उत्साह के साथ टीकाकरण कराया।
सुबह 9 बजे से बहजोई सीएचसी परिसर में कोरोना का टीका लगना शुरू हो गया। एक सत्र महिला चिकित्सालय परिसर में तथा दूसरा सत्र सीएचसी के दूसरी मंजिल पर बने कक्षों में चला। पूर्वाह्न 11 बजे करीब पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र पुलिस टीम के साथ सीएचसी पहुंचे। स्वास्थ्य कर्मियों में पूरी औपचारिकता के बाद पुलिस अधीक्षक को कोविड की वैक्सीन लगाई। इस बीच एसपी समेत अन्य पुलिस कर्मियों को विश्राम कक्ष में बैठाया गया। बाद में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. अजय कुमार सक्सेना ने पुलिस अधीक्षक को कोविड टीकाकरण का प्रमाणपत्र दिया। वहीं एसओजी प्रभारी सुंदरलाल व उनकी टीम ने कोविड का टीका लगवाया। साथ ही मीडिया सेल और एलआईयू समेत विभिन्न शाखाओं में तैनात पुलिस कर्मियों ने कोविड का टीका लगवाने के बाद प्रमाण पत्र लिया। चिकित्साधीक्षक डा. शिशुपाल सिंह ने बताया कि इनमें एक सत्र में 125 के सापेक्ष 87 तथा दूसरे सत्र में 116 के सापेक्ष 51 फ्रंट लाइन वर्कर्स ने कोरोना का टीका लगवाया। इस बीच एसीएमओ डा. रामजीलाल और सहायक शोध अधिकारी महेश चंद्र गौतम ने टीकाकरण स्थल पर पहुंचकर जायजा लिया।
नरौली में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरौली में गुरुवार को सुबह नौ से कोराना से बचाव को टीकाकरण शुरू हो गया था। सीएचसी पर कोतवाली बहजोई और थाना बनियाठेर का टीकाकरण होना था। एक सत्र में 125 लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य था। इसमें शाम पांच बज तक 80 पुरूष और छह महिलाओं को कोरोना से बचाव के लिए टीका लगाया गया। टीकाकरण के लिए 90 लोगों ने पंजीकरण कराया था। चार लोगों को विभिन्न समस्याओं के चलते टीका नहीं लगाया है। नरौली सीएचसी अधीक्षक डॉ. विश्वास अग्रवाल ने बताया कि पहला टीका सुबह दस बजे लगाया है। किसी को कोई समस्या नहीं आई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कमलेश पाल सिंह व केपी सिंह ने सीएचसी पहुंचकर कोरोना से बचाव के टीकाकरण की जानकारी ली। इस मौके पर डॉ. अरशद अली, प्रत्यक्ष शर्मा, कुलदीप कुमार, प्रियंका का सहयोग रहा।
चंदौसी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंदौसी में गुरुवार को 69 पुलिस व राजस्व कर्मियों को कोरोना से बचाव के लिए टीका लगाया। सीएचसी में दो सत्रों का आयोजन किया। इसमें 250 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य था। दोनों सत्रों में कुल 69 लोग ही टीकाकरण कराने पहुंचे। सुबह नौ बजे टीकाकरण की तैयारी थी, इसके बावजूद करीब साढ़े दस बजे तक स्वास्थ्य कर्मी टीका लगाने के लिए सूची में शामिल लोगों का इंतजार करते रहे। स्वास्थ्य कर्मियों ने सूची में शामिल लोगों को फोन कर टीका लगवाने के लिए बुलाया। इसके बावजूद चंदौसी में 181 लोग अनुपस्थित रहे। एमओआईसी डॉ. हरवेंद्र सिंह की देखरेख में टीकाकरण हुआ।
000
50 ब्लाक कर्मचारी व पुलिस कर्मियों को लगाया गया टीका
संवाद न्यूज एजेंसी।
जुनावई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जुनावई में ब्लाक कर्मचारी व पुलिस कर्मियों को कोरोना से बचाव के लिए टीका लगाया। जुनावई में गुरुवार को एक सत्र का आयोजन किया गया। इसमें 87 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य था। में 50 पुरूषों को टीका लगाया। सीएचसी प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. विरास यादव ने बताया गुरुवार को ब्लॉक जुनावई क्षेत्र के पुलिस स्टाफ एवं सफाई कर्मी तथा ब्लाक कर्मचारियों को टीका लगाया है। 37 लोग टीका लगवाने सीएचसी नहीं आये। टीकाकरण के दौरान कोई समस्या नहीं आई। टीका लगाने के बाद सभी को आधा घंटा निगरानी में रखा गया।
--------
फोटो:
स्वास्थ्य, राजस्व व पुलिस कर्मियों को लगाया गया टीका
संवाद न्यूज एजेंसी।
गुन्नौर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर स्वास्थ्य कर्मी, पुलिस कर्मी व राजस्व कर्मियों को कोरोना से बचाव के लिए टीका लगाया गया। गुरुवार को सीएचसी पर एक ही सत्र का आयोजन किया गया। सत्र में 125 लोगों को कोरोना से बचाव का टीका लगाने का लक्ष्य था। इनमें से 45 लोगों को टीका लगाया। टीके लिए 44 पुरूष व एक महिला पहुंची। पंजीकरण 50 लोगों ने कराया था। पांच को हाई बीपी की समस्या के चलते टीका नहीं लगाया जा सका। एमओआईसी डॉ. पवन कुमार की देखरेख में टीकाकरण हुआ।