चंदौसी (संभल)। मोहल्ला लक्ष्मणगंज में पालिका की साढ़े छह बीघा जमीन पर अवैध रूप से बने 34 मकानों को ध्वस्त किया जाएगा। साथ ही उन चार प्रॉपर्टी डीलरों के खिलाफ भी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। जिन्होंने पालिका की भूमि पर प्लाॅटिंग की थी। जमीन पर कुछ मकान पीएम आवास योजना के भी हैं। तहसील प्रशासन ने जांच रिपोर्ट नगर पालिका को सौंप दी है।
बता दें कि मार्च 2025 में लक्ष्मणगंज में नगर पालिका की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत पर डीएम राजेंद्र पैंसिया के निरीक्षण के बाद कार्रवाई शुरू हुई थी। 18 मार्च को तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह ने राजस्व विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंच कर पैमाइश कराई थी। जांच में पालिका की साढ़े छह बीघा जमीन पर एक मस्जिद व 34 मकान पाए गए। इसके बाद कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए तहसील प्रशासन ने मस्जिद समेत मकान स्वामियों को नोटिस देकर साक्ष्य प्रस्तुत करने के लिए कहा था।
मकान स्वामियों ने अपने-अपने मकान का बैनामा तहसील अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए। जिनमें कुछ मकान प्रधानमंत्री आवासीय योजना के अंतर्गत बने हुए थे। मकान स्वामियों ने अफसरों को बताया था कि उन्होंने यहां प्लाट खरीदे थे। जिसके बैनामे भी उनके पास हैं। वहीं प्लाॅटिंग कर जमीन बेचने वालों में चार लोगों के नाम प्रकाश में आए हैं। पूरे प्रकरण की जांच के बाद तहसील प्रशासन ने नगर पालिका को रिपोर्ट सौंप दी है। पालिका अब इन मकानों को ध्वस्त कराकर जमीन को कब्जा मुक्त कराने और चार प्रॉपर्टी डीलर पर कार्रवाई की तैयारी कर रही है। संवाद