चंदौसी। संभल जिले में कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। 30 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। जिले में अब संक्रमितों की संख्या 83 पहुंच गई है। इसमें सबसे ज्यादा वह मरीज हैं जिनकी रैंडम सैंपलिंग हुई थी। मंगलवार को संक्रमित पाए गए मरीजों में पांच मरीज सरायतरीन के हैं। इसके अलावा चार लोग नाहरठेर के निवासी हैं। हल्लू सराय निवासी दो लोगों में संक्रमण पाया गया है।
संभल के मंडी किशनदास सराय निवासी दो लोग संक्रमित मिले हैं। गांव मदाला व मांडली समसपुर निवासी दो लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। गांव सुजातपुर और मन्नी खेड़ा में दो-दो लोग संक्रमित पाए गए हैं। नवाड़ा व बेटला के दो लोग संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। चंदौसी के घटिया गेट निवासी दो लोगों में संक्रमण पाया गया है। गोला गंज निवासी एक व्यक्ति संक्रमित मिला है। बबराला के गांव कल्लू नगला व सिरसी के सादक सराय में दो लोग संक्रमित पाए गए हैं। गांव कैल निवासी युवक में संक्रमण पाया गया है। संभल के सरथल पुलिस चौकी के नजदीक रहने वाले लेखपाल में संक्रमण मिला है। स्वास्थ्य विभाग के सर्विलांस अधिकारी डॉ. मनोज चौधरी ने बताया कि रैंडम सैंपलिंग के दौरान मरीज सामने आए हैं। संक्रमितों के संपर्क में रहे लोगों की जांच कराई जा रही है।