संभल। सरायतरीन के मोहल्ला भूड़ा में तालाब की भूमि पर बने 40 मकानों में से 27 मकानों की पैमाइश पूरी हो गई है। हालांकि, कई मकान और बचे हैं, जिनकी पैमाइश अभी बाकी है। तहसीलदार का कहना है कि पैमाइश पूरी होने के बाद नोटिस देने की प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।
मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे नायब तहसीलदार दीपक कुमार जुरैल के नेतृत्व में राजस्व टीम मोहल्ला भूड़ा में पहुंची थी। टीम में चार कानूनगो और 20 लेखपाल शामिल थे। नक्शे के आधार पर गाटा संख्या 332 में दर्ज 5 बीघा तालाब की भूमि को चिह्नित किया गया और फीता डालकर एक-एक मकान की पैमाइश की गई। नायब तहसीलदार दीपक कुमार जुरैल ने बताया कि यह तीसरी बार है जब इस भूमि की पैमाइश की जा रही है।
शिकायत के आधार पर की गई इस कार्रवाई में करीब 40 मकानों को चिह्नित किया गया है। इन मकानों का निर्माण लगभग 25 से 30 साल पुराना प्रतीत होता है। तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह ने गाटा संख्या 332 रकबा 0.332 हेक्टेयर तालाब की भूमि की पैमाइश के लिए नायब तहसीलदार दीपक कुमार जुरैल को प्रभारी नियुक्त किया है।