संभल के गांव भदरौला में बंद पड़ी शराब की दुकान।
- फोटो : amar ujala
शराब बंद कराने की मांग को लेकर महिलाएं आंदोलनरत हैं। इसको लेकर कई स्थानों पर हंगामा, पथराव आदि किया गया था, गुरुवार को दोपहर अलिया कल्यानपुर में पल्स पोलियो टीम का घेराव किया गया। हंगामे भरे माहौल में पहुंची पुलिस पल्स पोलियो टीम को अपनी गाड़ी बैठाकर थाने पहुंचाया।
इसके बाद मौके से गाड़ी हटवाई गई। देर शाम पुलिस ने अलिया कल्यानपुर के आंदोलनकारियों पर एफआईआर दर्ज करा दी। इस तरह तीन मामलों में 260 लोगों पर एफआईआर दर्ज कराई गईं हैं। एफआईआर के बाद भी अलियाकल्यानपुर में महिलाओं का बेमियादी धरना चौथे दिन भी जारी है। वहीं भदरौला में धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। दोनों गांवों की शराब की दुकानें बंद हैं। महिलाओं का धरना दुकानों के आगे चल रहा है।
असमोली थाना क्षेत्र के गांव अलिया कल्यानपुर गांव में शराब की दुकान है। गांव में शराब की दुकान के चलते युवाओं ने भी शराब पीनी शुरू कर दी है। ऐसे में शराब की दुकान को बंद कराने के लिए महिलाओं ने चार दिन पहले आंदोलन की राह पकड़ी थी। चार दिन से गांव के प्राथमिक विद्यालय में महिलाएं धरने पर बैठी हुई हैं।
लगातार चार दिन से पुलिस के अलावा प्रशासनिक अधिकारी पहुंचकर महिलाओं को समझाने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन महिलाएं शराब की दुकान बंद होने पर ही धरने समाप्त करने की बात कह रहीं हैं। गुरुवार को दोपहर 12 बजे पल्स पोलियो का बहिष्कार होने पर जब टीम गांव पहुंची तो उसकी गाड़ी को महिलाओं ने घेर लिया। पल्स पोलियो अभियान का बहिष्कार कर दिया।
थानाध्यक्ष कुंज बिहारी मिश्रा मौके पर पहुंचे। महिलाओं को समझाने का प्रयास किया लेकिन महिलाएं नहीं मानीं। थाना प्रभारी ने बताया कि 152 लोगों के खिलाफ एफआईआर कराई गई।
इसमें पूर्व जिला पंचायत सदस्य निक्सम चौधरी और आंगनबाड़ी कार्यकत्री एसोसिएशन की नेता सोमवती शर्मा नामजद है। इन पर पल्स पोलियो टीम को बंधक बनाने तथा उनकी गाड़ी छीनने का आरोप लगाया गया है। वहीं, नखासा थाना क्षेत्र गांव भदरौला में शराब की दुकान पर महिलाओं का धरना गुरुवार को जारी रहा।