संभल। जिले में 28 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और पांच नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर लगे मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले में 2505 मरीजों का निशुल्क उपचार हुआ। सबसे ज्यादा 307 त्वचा रोगी रहे।
मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले में 36 डॉक्टरों और 128 पैरामेडिकल स्टाफ ने ड्यूटी की। 968 पुरुषों, 974 महिलाओं और 563 बच्चों का निशुल्क उपचार किया। बुखार के 202, त्वचा रोग के 307, दमा के 252, मधुमेह रोग के 67, नेत्र रोग के 16, उच्च रक्तचाप के 58 मरीज रहे। बुखार को लेकर 35 मरीजों की मलेरिया तथा 23 रोगियों की डेंगू की जांच की गई। जिसमें सभी मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव रही।
मेले में आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना के तहत 195 लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड तथा 179 आभा आईडी बनाए गए। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर परिवार नियोजन संबंधी परामर्श और सामग्री के लिए अलग से काउंटर की व्यवस्था रही। आशाओं ने सोर्स रिडक्सन एवं संचारी रोगों से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक किया। एक युद्ध नशे के विरुद्ध के तहत 236 व्यक्तियों को तंबाकू छोड़ो परामर्श भी दिया। मेले का सीएमओ डॉ. तरुण पाठक आदि ने निरीक्षण किया।