संभल। नगर पालिका क्षेत्र के मोहल्ला पंजू सराय में नलकूप खराब होने के चलते करीब 200 परिवार पीने के पानी को तरस रहे हैं। वार्ड संख्या 29 की सभासद आयशा बी का कहना है कि नलकूप का बोरिंग कराने के लिए टेंडर जारी हो गया है। जल्द ही नए बोरिंग के लिए कार्य शुरू होगा।
मोहल्ला पंजू सराय के वार्ड संख्या 29 में जिस नलकूप से 200 परिवारों के लिए पानी की आपूर्ति होती थी उसका बोरिंग एक माह पूर्व खराब हो गया था। एक माह बीत जाने के बाद भी नगर पालिका की ओर से न तो बोरिंग सही किया गया और न ही लोगों के लिए पानी की कोई वैकल्पिक व्यवस्था की गई। लोग पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं। लोगों का कहना है कि कई बार अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई भी सुनवाई नहीं है।
मोहल्ले में एक ही घर में सबमर्सिबल लगा है। नलकूप खराब होने के चलते पिछले एक महीने से उनके घर से पानी भर रहे हैं। पानी न आने से काफी परेशानी हो रही है।
नूरजहां, निवासी पंजू सराय
अगर नलकूप खराब हो जाता है तो शिकायत के बाद भी ठीक नहीं हो पाता, अब पिछले एक महीने से नलकूप खराब है। कई बार शिकायत भी की जा चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
आमिर, पंजू सराय
भीषण गर्मी में पानी की समस्या हो रही है। नगर पालिका ने दूसरी कोई व्यवस्था की नहीं है। बोरिंग सही करने का हवाला दे रहे हैं, जबकि एक महीने का समय बीत चुका है।
हरूनिशां, निवासी पंजू सराय
बोरिंग फेल हो गया है, जिसके लिए बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव पास कराया है। नया बोरिंग जल्द ही हो जाएगा, जिसके बाद पानी की आपूर्ति हो सकेगी।
रामपाल सिंह, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद संभल