चंदौसी। खंड शिक्षा अधिकारियों की लापरवाही के कारण जिले में शिक्षामित्र व अनुदेशकों का जुलाई माह का मानदेय अटका हुआ है। आरोप है कि अभी उनकी उपस्थिति बीएसए कार्यालय को नहीं भेजी गई है। जबकि शासन से मानदेय की ग्रांट छह अगस्त को विभाग को मिल चुकी है। अधिकारियों की लापरवाही के चलते शिक्षामित्र व अनुदेशकों का मोहर्रम व रक्षाबंधन का त्योहार फीका रह गया।
संभल जनपद में सर्व शिक्षा अभियान के अंतर्गत 1648 शिक्षा मित्र और 350 अनुदेशक हैं। उन्हें जून माह में मानदेय नहीं मिलता है। जुलाई माह से स्कूलों में कार्य कर रहे हैं। त्योहारी सीजन चल रहा है। शिक्षा मित्र व अनुदेशकों का आरोप है कि माह की एक या दो तारीख को खंड शिक्षा अधिकारी स्तर से उपस्थिति जिला बेसिक विभाग को भेज दी जाती है। इसके बाद मानदेय उनके खातों में ट्रांसफर कर दिया जाता है। इस शैक्षिक सत्र में जुलाई माह का मानदेय अभी तक नहीं मिला है। अगस्त माह के तीन सप्ताह बीत गए हैं।
हैरानी की बात यह है कि उनकी उपस्थिति अभी तक खंड शिक्षा अधिकारियों ने अभी तक जिला बेसिक शिक्षा विभाग को नहीं भेजी है। शुक्रवार को मोहर्रम का त्योहार बीत गया और रविवार को रक्षाबंधन का त्योहार है। मानदेय न मिलने से शिक्षा मित्र व अनुदेशकों में रोष है और त्योहार को लेकर कर्मचारी परेशान हैं। जबकि शिक्षा मित्रों के मानदेय की ग्रांट छह अगस्त को आ चुकी है।