संभल। जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या कम नहीं हो रही है। लगातार संक्रमित मरीज मिल रहे हैं। अब फिर लोगों की जान जाने का सिलसिला जारी हो गया है। 199 संक्रमित मरीज मिले हैं। दो लोगों की मौत हो गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से संक्रमित मिले लोगों के संपर्क में रहे लोगों की पड़ताल कर रहा है। जिससे उनकी जांच कराई जा सके।
बुधवार को नए संक्रमित मरीजों में से सबसे ज्यादा होम आइसोलेट कराए गए। जबकि जो लोग गंभीर मिले हैं उन्हें अस्पताल भर्ती कराया है। बहजोई निवासी 48 वर्षीय व्यक्ति की संक्रमण से जूझते हुए एशियन हसीना बेगम अस्पताल में बने एल-2 अस्पताल में मौत हो गई। दूसरी मौत एल-2 सिल्वेंजा अस्पताल में 40 वर्षीय व्यक्ति की हुई है। स्वास्थ्य विभाग के जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. मनोज चौधरी ने बताया कि संक्रमण बढ़ रहा है। लोग लॉकडाउन अवधि में भी अनावश्यक घूम रहे हैं। इससे खतरा बढ़ रहा है। लोगों को जागरूक बनना चाहिए और कोरोना से बचाव की गाइडलाइन का पालन करना चाहिए। जिससे संक्रमण थम सके। यदि लापरवाही बढ़ी तो हालात खराब हो जाएंगे।