फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

महापरिवर्तन करना है, देश का पीएम बदलना है: अखिलेश यादव

विज्ञापन
विज्ञापन
चंदौसी/संभल। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को संभल लोकसभा क्षेत्र के सपा-बसपा गठबंधन प्रत्याशी डा. शफीकुर्रहमान बर्क के समर्थन में कैला देवी मंदिर के निकट एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय विकास के माध्यम से नरेंद्र मोदी और योगी सरकार पर सीधा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महापरिवर्तन करना है, पीएम को बदलना है। दिल्ली में सरकार बनी तो गरीबों, विकलांगों को तीन हजार रुपये पेंशन मिलेगी। पुलिस और सेना की भर्ती में लिखित परीक्षा खत्म होगी। शिक्षा मित्रों को पहले की तरह ही समायोजन जैसी समानांतर व्यवस्था की जाएगी।
विज्ञापन

सपा मुखिया ने कहा कि सपा-बसपा-रालोद गठबंधन मिलावटी नहीं, महापरिवर्तन का गठबंधन है। देश का प्रधानमंत्री बदलना है। लोहिया और बाबा साहब पहले भी साथ काम करना चाहते थे लेकिन मौका नहीं मिला। अब दोनों के विचारों का गठबंधन हुआ है। भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा नफरत की राजनीति करती है। जिस तरह अंग्रेजों ने फूट डालो राज करो की नीति अपनाई, उसी तरह भाजपा भी समाज को बांट कर सत्ता पाना चाहती है।
गरीबी भारत के अलावा कहीं नहीं है, जब भाईचारा होगा, तभी देश तरक्की करेगा। यह हनुमान जी की जाति बताने वाले लोगों की सरकारें कुछ नहीं कर पा रही हैं। लैपटॉप वितरण बंद कर दिया। समाजवादी पेंशन बंद कर दी। नौकरियां छीन लीं। दिल्ली में मेरी सरकार बनी तो गरीबों, विकलांगों, विधवाओं को तीन हजार रुपये मासिक पेंशन मिलेगी। गांवों को सोलर पावर मिलेगा। 2022 में यूपी में भी सरकार बनानी है।
विज्ञापन

पुलिस भर्ती की बात करते हुए कहा कि जब डंडा पकड़ाकर ड्यूटी करानी है तो लिखित परीक्षा किस लिए। ट्रेनिंग अच्छी होनी चाहिए। दसवीं व बारहवीं वालों को दौड़ करके नौकरी मिलेगी। यह व्यवस्था पैरामिलिट्री और सेना में भी लागू होगी। उन्होंने सैनी, मौर्य, कुशवाहा, प्रजापति, पाल आदि जातियों को भी लुभाया। साथ ही भाजपा नेताओं को चेतावनी दी कि जब मैंने सीएम का बंगला खाली किया तो बाबा मुख्यमंत्री ने उसे गंगाजल से धुलवाया, टोंटी के लिए बदनाम किया, अब जब मेरी बारी आएगी तो मैं भी चिलम ढूंढवाऊंगा।
यूपी सरकार की ठोको नीति का भी पर्दाफाश होगा। फर्जी एनकाउंटर करने वालों को सजा मिलेगी। राजनीति में हम संस्कार रखते हैं। नेता जी मैनपुरी से लड़ रहे हैं। अस्सी फीसदी वोट उन्हें मिलेगा। गठबंधन की हर सीट जीत रही है। हमें मेहनत करके जीत का अंतर बढ़ाना है। उन्होंने डा. बर्क को भारी बहुमत से जिताने की अपील की।

चचा कंजूस हैं...
चंदौसी। जनसभा में पंडाल छोटा पड़ गया। मंच भी छोटा ही था। दूर दराज से आए समर्थकों को चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी में खड़े होकर अखिलेश यादव को सुनना पड़ा। इस पर अखिलेश यादव ने प्रत्याशी डा. शफीकुर्रहमान बर्क की ओर देखते हुए चुटकी ली। लोग कहते हैं कि चचा कंजूस हो गए हैं। लेकिन इस उम्र में भी चचा का खर्चा कराओगे क्या।

नहीं पहुंचे विधायक इकबाल महमूद
चंदौसी। यह दीगर बात है कि सपा-बसपा गठबंधन प्रत्याशी डा. शफीकुर्रहमान बर्क ने अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने सभी रूठों को मनाने की कोशिश की। लेकिन सपा विधायक इकबाल महमूद, सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के जिले में आने पर भी मंच पर नहीं पहुंचे। वहीं इकबाल महमूद का कहना है कि उन्हें किसी ने बुलाया ही नहीं। इस पर सपा जिलाध्यक्ष फिरोज खां ने कहा कि जब राष्ट्रीय अध्यक्ष ने ही उनकी ड्यूटी डा. बर्क का चुनाव लड़ाने में लगा दी तो बुलाने या नहीं बुलाने की जरूरत कहां रही। हम सबकों को खुद ही उनके निर्देश का इंतजार रहता है।

जिलाध्यक्षों को छोड़ गठबंधन के नेताओं को मंच पर नहीं मिली जगह
चंदौसी। सपा-बसपा-रालोद गठबंधन प्रत्याशी डा. शफीकुर्रहमान बर्क के समर्थन में आयोजित सपा प्रमुख अखिलेश यादव की जनसभा के मंच पर गठबंधन दलों के सिर्फ जिलाध्यक्षों को ही मंच पर जगह मिल पाई। हालांकि बसपा के भी कई नेता जनसभा स्थल पर गए थे, लेकिन उन्हें मंच के नीचे सोफे पर ही स्थान मिल पाया। वहीं अकीलुर्रहमान खां और तरन्नुम अकील तो उत्तराखंड के मतदान में बसपा का उत्तरदायित्व निभा रहे थे।

अखिलेश ने की कैला देवी की पूजा, संकल्प लिया झूठ नहीं बोलेंगे
चंदौसी। सपा प्रमुख अखिलेश यादव हैलीकाप्टर से उतरते ही सबसे पहले मां कैला देवी के दर्शन करने पहुंचे। वहां पूजा-अर्चना के बाद जनसभा के मंच पर आए और कहा कि वह नवरात्र में व्रत रखते हैं लेकिन प्रचार नहीं करते हैं। अखिलेश यादव सबसे पहले कैला देवी के मंदिर में गए। यहां महंत ऋषिराज सिंह गिरि ने विधि विधान से पूजा अर्चना की। देवी मां का आशीर्वाद लिया। उसके बाद उन्होंने मंच पर कहा कि मैं भी नवरात्र का व्रत रखता हूं लेकिन प्रचार नहीं करता। मैंने मां कैला देवी से प्रार्थना की कि इस बार महागठबंधन की शानदार जीत हो। संकल्प लिया कि चुनाव में सच बोलेंगे। झूठ की राजनीति करने वालों को बेनकाब करेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें