चंदौसी/गुन्नौर। खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुन्नौर थाने की सीमा पर गुरुवार को देर रात मैदा और सूजी से भरे ट्रक को पकड़ लिया। ट्रक में 187 क्विंटल मैदा और सूजी भरा हुआ था। इसे विभाग ने गुन्नौर थाने में खड़ा करा दिया। अब शुक्रवार को सुबह मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी थाने पहुंचे और कार्रवाई कराई। इसके साथ ही पूरे माल की बिक्री पर तब तक के लिए रोक लगाई गई है जब तक प्रयोगशाला से परीक्षण रिपोर्ट नहीं आ जाती।
दरअसल शाहजहांपुर जिले की एक फर्म ने बुलंदशहर जिले की एक फर्म को 137 क्विंटल मैदा और 50 क्विंटल सूची एक ट्रक में भेजी थी। इस ट्रक को गुन्नौर थाना क्षेत्र की सीमा पर गुन्नौर की खाद्य सुरक्षा अधिकारी मीरा सिंह ने पकड़ लिया। वहीं, गुन्नौर थाने तक ट्रक को मय चालक के लाईं। इसकी जानकारी उन्होंने रात में ही जिलाधिकारी और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी को दी। जिले के मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी डा. पीके त्रिपाठी ने शुक्रवार शाम को बताया कि माल को सीज करने के बाद विक्रेता फर्म की ही सुपुर्दगी में दिया गया है। साथ ही तब तक माल की बिक्री पर प्रतिबंध रहेगा जब तक कि परीक्षण होकर नहीं आ जाता है। उन्होंने बताया कि जो भी मैदा और सूजी था उसमें निर्माण की तिथि का कोई उल्लेख नहीं था। न ही कब तक इसका प्रयोग किया जाना हितकर है। इसका भी उल्लेख नहीं था। किसी भी बोरे पर बैच नहीं था। यह सब उपभोक्ता हितों का उल्लंघन है। खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2006 की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
पंद्रह दिन में परीक्षण रिपोर्ट मंगाने की तैयारी
संभल। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी डा. पीके त्रिपाठी ने बताया कि परीक्षण करने के लिए मैदा और सूजी के तीन नमूने लिए गए हैं। इन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। प्रयोगशालाएं उत्तर प्रदेश में लखनऊ, वाराणसी, आगरा, झांसी, गोरखपुर और मेरठ में हैं। जांच रिपोर्ट पंद्रह दिन में मंगाने की तैयारी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही अगली कार्रवाई की जाएगी।