संभल। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुरादाबाद में होने के बारे में संभल के अधिकारी पल पल खबर लेते रहे। सोशल मीडिया और मीडिया में आ रही खबरों पर जिले के अधिकारियों और कर्मचारियों की नजर बनी रही। जिस वक्त मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जिला अस्पताल का निरीक्षण कर रहे थे। उस वक्त संभल के जिला अस्पताल में चिकित्सक और कर्मचारी सतर्क थे।
मुख्य चिकित्साधीक्षक डा. एके गुप्ता रविवार का अवकाश होने के बाद भी अपने कक्ष में थे। कर्मचारी भी काम कर रहे थे। उनका कार्यालय खुला था। अस्पताल में खास तौर पर साफ-सफाई नजर आ रही थी। इमरजेंसी की सेवाएं सुचारू थीं। जबकि तहसील मुख्यालय पर उप जिलाधिकारी दीपेंद्र यादव अपने कार्यालय में थे और जनता के काम निबटा रहे थे। साथ ही उन्हें पल-पल सोशल मीडिया के जरिए मुख्यमंत्री के मुरादाबाद दौरे की खबरें मिल रहीं थी। वहीं पुलिस प्रशासन व अन्य विभागों के अधिकारी भी मुख्यमंत्री के मंडलीय दौरे को लेकर सतर्क नजर आ रहे थे। अपर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में चूने का छिड़काव किया गया था। एआरटीओ शेर सिंह अपने कार्यालय में अवकाश के दिन भी मौजूद थे। कई कर्मचारी अधूरे काम पूरे कर रहे थे।
मुख्यमंत्री की लखनऊ बैठक के बाद ही जिले की नौकरशाही उनके मुरादाबाद दौरे को लेकर सक्रिय हो गई थी। मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाली योजनाओं की समीक्षा जिलाधिकारी डा. अविनाश कृष्ण सिंह और पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद के साथ जनपद के लिए नामित नोडल अधिकारी नरेंद्र भूषण ने भी की।
अधूरी पड़ी परियोजनाओं को पूरा करने और गोशालाओं को पूर्ण कराने तथा बालिका सुरक्षा पर ध्यान दिया गया। मुख्यमंत्री रविवार को मुरादाबाद आए तो संभल में भी अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रियता दिखाई पड़ी जबकि रविवार को आमतौर पर नौकरशाही पूरी छुट्टी पर होती है। विकास खंड कार्यालय खुले रहे। खंड विकास अधिकारी नहीं थीं। उनके कार्यालय में कर्मचारी काम कर रहे थे।