धनारी/बबराला। एक कॉलेज के उद्घाटन समारोह के दौरान आयोजित की गई जनसभा में सपा सांसद में विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए सपा-बसपा के गठबंधन को देश को बचाने वाला फैसला बताया। केंद्र सरकार पर शोषण के नए-नए रास्ते निकालने कर गुमराह करने आरोप लगाया।
कस्बा धनारी के चौधरी अजय पाल सिंह इंटर कॉलेज में उद्घाटन समारोह के मौके पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के बदायूं सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि केंद्र की सरकार शोषण के लिए नए-नए रास्ते अपना रही है।
नागपुर कार्यालय से संचालित एक संगठन के जरिए मिलने वाले दिशा निर्देशों से खास वर्गों को निशाना बनाया जा रहा है। कांग्रेस और भाजपा की सरकारें जातिगत जनगणना नहीं चाहती जिससे हमारे अनुपात के अनुसार आरक्षण देना पड़ेगा। सपा के मुखिया अखिलेश यादव ने देश को बचाने के लिए और देश के संविधान को सुरक्षित रखने के लिए सपा-बसपा के गठबंधन का एक ऐतिहासिक फैसला लिया है।
आगामी लोकसभा चुनाव में जीत के बाद झूठे वादे करने वाले तमाम दलों की नींद उड़ जाएगी। उन्होंने गोवंशीय प्रेम के नाम पर किसानों की खेती उजाड़ने का आरोप भी राज्य सरकार पर लगाया।
इस दौरान पूर्व विधायक राम खिलाड़ी सिंह यादव, पूर्व विधायक प्रदीप यादव उर्फ गुड्डू, जिलाध्यक्ष फिरोज खां समेत कई नेताओं ने संबोधन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अजयपाल सिंह और संचालन सत्यवीर और राजाराम यादव ने संयुक्त रूप से किया।